रांची(ब्यूरो)। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और रामगढ चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में रामगढ़ में एक बैठक हुई, जिसमें राज्यसभा सांसद महुआ माजी व गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार शामिल हुए। व्यापारियों ने एकमत से कृषि शुल्क विधेयक को झारखंड के व्यापार, किसान और आम उपभोक्ताओं के प्रतिकूल बताया और इसे जनहित में समाप्त करने का आग्रह किया। समस्या को वास्तविक समझते हुए गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने सभा के बीच में ही मुख्यमंत्री से चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री की बातचीत करवाई। मुख्यमंत्री ने चैंबर अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों का ख्याल रखते हुए ही कोई कार्य किया जाएगा। राज्य के आर्थिक विकास में व्यापारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने गिरिडीह विधायक के आग्रह पर जल्द ही स्टेकहोल्डर्स की समस्याओं पर चैंबर अध्यक्ष के साथ बैठक करने की बात कही। व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि कृषि शुल्क को लेकर व्यापारी चिंतित ना हों। सरकार ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेगी, जिससे राज्य के व्यापारी, किसान व उपभोक्ता प्रभावित हों।
सांसद व विधायक ने किया आश्वस्त
सभा में उपस्थित राज्यसभा सांसद महुआ माजी और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने भी कृषि विधेयक को लेकर व्यापारियों की सभी मांगों पर विचार करने के लिए हरसंभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री के आश्वासन से राज्य के व्यापारियों में उत्साह का माहौल बना है। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास में हरसंभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, महासचिव डॉ अभिषेक रामाधीन, सह सचिव शैलेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित साहू, रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय माहुरी, रामगढ़ चैंबर अध्यक्ष पंकज प्रकाश तिवारी, रामगढ़ के राइस मिलर विनय अग्रवाल, दीपक पोद्दार के अलावा रामगढ चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।