रांची : झारखंड सरकार ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में रविवार को विदाई समारोह का आयोजन किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में सादगी और भावपूर्ण माहौल में आयोजित इस विदाई समारोह में उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा विधानसभाध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, मिथिलेश कुमार ठाकुर, बादल, सत्यानंद भोक्ता, बन्ना गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुर्मू को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गुड गवर्नेंस का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

अनुकरणीय रहेंगे कार्य

मुख्यमंत्री ने उनके कार्यकाल का स्मरण करते हुए कहा कि राज्यपाल के रूप में द्रौपदी मुर्मू द्वारा किए गए कार्य सदैव हम सभी के लिए अनुकरणीय रहेंगे। राज्यपाल के रूप में झारखंड के लिए इनका कार्यकाल सबसे लंबा छह साल से अधिक का रहा। इनके मार्गदर्शन और दिशा निर्देश से राज्य ने लंबी यात्रा तय की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने बेहतर मार्गदर्शन और समन्वय से राज्य में गुड गवर्नेंस का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कई कठिन निर्णय को भी शांति, सूझबूझ और सरलतापूर्वक समस्याओं का समाधान किया। राज्य के हर वर्ग के लोगों के प्रति इनका विशेष लगाव और प्यार था। हर वर्ग के लोगों के साथ इनका सीधा संवाद निश्चित रूप से काफी सराहनीय रहा। इन्होंने सभी तबके के लोगों को जोड़कर रखा। राज्य के दलित, गरीब, पिछड़ों के बेहतरी और विकास के लिए इन्होंने प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से इनके कार्यकाल को झारखंड की जनता सदैव याद रखेगी। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी का सहृदय अभिवादन किया। इस मौके पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन तथा उनकी पत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन सहित अन्य परिजनों ने भी राज्यपाल तथा उनके परिजनों को पुष्पगुछ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कई पदाधिकारी भी रहे उपस्थित

द्रौपदी मूर्मू की विदाई को लेकर आयोजित समारोह में रांची की मेयर आशा लकड़ा, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्य निर्वाचन आयुक्त डीके तिवारी, डीजीपी नीरज सिन्हा, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल, अपर मुख्य सचिव एल खियांग्ते, अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह,वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, महाधिवक्ता राजीव रंजन, रांची के उपायुक्त छवि रंजन सहित, रांची के नगर आयुक्त मुकेश कुमार व अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।