- यह उपलब्धि हासिल करने वाली झारखंड की पहली पहलवान बनी

- दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुआ चयन ट्रायल

रांची : हंगरी के बुडापेस्ट में 19 से 25 जुलाई तक आयोजित होने वाली सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 के लिए झारखंड की महिला पहलवान चंचला कुमारी का चयन भारतीय कुश्ती टीम में हुआ है। सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारतीय कुश्ती महासंघ द्वारा आयोजित चयन ट्रायल में चंचला ने अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर सब जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया। झारखंड के लिए यह गौरव की बात है, क्योंकि विश्व कप चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में प्रदेश के किसी पहलवान का पहली बार चयन हुआ है। चंचला रांची के ओरमांझी प्रखंड के हतवार गांव की निवासी हैं। उनके पिता किसान हैं और माता गृहिणी हैं।

शुरुआत जेएसएसपीएस से

चंचला कुमारी ने कुश्ती की शुरुआत जेएसएसपीएस में की थी, जहां उन्हें झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष सह एनआइएस कुश्ती कोच भोलानाथ सिंह व एएनआइएस कुश्ती कोच बबलू कुमार ने तराशा। चंचला का भारतीय टीम में चयन होने पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ के रवि कुमार (आइएएस), झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष व चंचला के कोच भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, कोच बबलू कुमार, उपेंद्र सिंह, सुभाशीष राय, अरविंद सिंह, विजय शंकर सिंह, मनोज कोनबेगी, अशोक भगत, संजीव झा सहित झारखंड राज्य कुश्ती संघ के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है।

चंचला की उपलब्धियां :

2017-18 : स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया राष्ट्रीय कुश्ती सिल्वर मेडल

2018-19 : स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया राष्ट्रीय कुश्ती गोल्ड मेडल

2019-20 : स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया राष्ट्रीय कुश्ती गोल्ड मेडल

2019-20 अंडर-15 : नेशनल ब्रांज मेडल

2020-21 : सब जूनियर नेशनल ब्रांज मेडल