रांची (ब्यूरो)। सिमडेगा में दोपहर 3 बजे से हॉकी झारखंड और हॉकी हरियाणा के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। वहीं, तीसरे एवं चौथे स्थान के लिए प्रात 9 बजे से हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी महाराष्ट्र के बीच मैच खेला जाएगा। फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के खेल मंत्री उपस्थित रहेंगे।

महाराष्ट्र को 3-1 से दी शिकस्त

इससे पहले प्रतियोगिता में गुरुवार को झारखंड की टीम ने हॉकी महाराष्ट्र को 3-1 गोल से पराजित करके लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई। 28 अक्टूबर का मैच काफी रोमांचक रहा, जिसमें झारखंड टीम की ओर से 14वें मिनट में रोशनी कुमारी, 42वें मिनट में दीपिका सोरेन एवं 50वें मिनट में काजल ने गोल की। वहीं महाराष्ट्र टीम की ओर से एकमात्र गोल 17वें मिनट में किया गया।

हरियाणा ने चंडीगढ़ को हराया

वहीं, पहला सेमीफाइनल मैच हॉकी हरियाणा और हॉकी चंडीगढ़ के बीच खेला गया, जिस संघर्षपूर्ण मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने हॉकी चंडीगढ़ को 3-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई है। हॉकी हरियाणा की ओर से दूसरे एवं 54वें मिनट में नीलम ने तथा 21वें मिनट में प्रीति ने गोल किए। वहीं, चंडीगढ़ की टीम की ओर से 26वें मिनट में कविता ने और तीसरे मिनट में आरती कश्यप ने गोल किए।

झारखंड का मैच देखने को उमड़े लोग

इससे पूर्व दूसरे सेमीफाइनल मैच में एसपी सिमडेगा डॉ शम्स तबरेज, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, एसडीएम महेंद्र कुमार, एनडीसी राजेंद्र सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू करवाया। झारखंड टीम का मैच देखने के लिए सिमडेगा जिला को सुशांत गौरव कोलेबिरा विधानसभा के विधायक नमन विक्साल कोंगड़ी, जिला खेल पदाधिकारी तुषार राय, सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव, सहित हॉकी झारखंड, जिला प्रशासन सिमडेगा, पुलिस प्रशासन सिमडेगा के सभी आला अधिकारी उपस्थित थे। सिमडेगा जिला अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में चल रहे विभिन्न हॉकी प्रशिक्षण केंद्र के हॉकी खिलाडिय़ों को जिला प्रशासन सिमडेगा के द्वारा परिवहन व्यवस्था कर आज के दोनो सेमीफाइनल मैच को दिखलाने की व्यवस्था की गई थी.ग्रामीण इलाके के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के मैच देखकर काफी गदगद हो गए और झारखंड के मैच समापन के बाद वे उत्साह के साथ मैदान में झूमने लगे।

---