--23 दिनों में 8 महिलाओं की हुई हत्या, कई के साथ दुष्कर्म भी

रांची। महिला सुरक्षा के नाम पर झारखंड पुलिस की ओर से दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत इससे अलग ही है। राज्य में अगर पिछले 23 दिनों की बात करें तो औसतन हर तीसरे दिन एक महिला या युवती की हत्या हो रही है। इसके पीछे आपसी दुश्मनी भी देखी जा रही है। ज्यादातर मामलों में महिलाओं की हत्या के पीछे की वजह दुष्कर्म ही बताया जा रहा है। इसके अलावा आपसी दुश्मनी में भी हत्याएं हो रही हैं, जिसमें महिलाओं को रेप के बाद जलाकर या पत्थर से कूचकर मारा जा रहा है। यही कारण है कि झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

दुष्कर्म और विवाद में हत्या

राज्य में पिछले 23 दिनों के दौरान जितनी भी महिला या युवती की हत्या हुई है, उसके पीछे दुष्कर्म के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से महिला को जलाकर और पत्थर से कूचकर हत्या की गई या फिर महिला के साथ चल रहे आपसी विवाद भी हत्या की वजह बनी। गौरतलब है कि बीते 23 दिनों के दौरान रांची में एक, लोहरदगा में दो, खूंटी में एक, गिरिडीह में एक, चतरा में एक और धनबाद में एक महिला की हत्या की घटना सामने आई है।

ज्यादातर आरोपी जान-पहचान वाले

राज्य में पिछले 23 दिनों के दौरान महिला को जलाकर और पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। इस घटना में पीडि़ता के जान पहचान के ही आरोपी होते हैं। 26 दिसंबर को खूंटी में विनीता तिर्की नाम की युवती की जलाकर हत्या करने में मामले में आरोपी जान पहचान का ही था। वहीं 13 जनवरी को रांची के शालीमार बाजार में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी, इस मामले में भी आरोपी महिला के पहचान वाले ही थे। इसके अलावा लोहरदगा में 15 जनवरी को एक युवती का जला हुआ शव बरामद किया गया था, इस मामले में पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे किसी पहचान वाले का ही हाथ है।

पिछले 23 दिनों के दौरान हत्या की घटनाएं

17 जनवरी 2020: चतरा जिले के हंटरगंज और वशिष्ठ नगर पुलिस ने कौलेश्वरी पहाड़ चढ़ने के रास्ते के किनारे झाड़ी से एक महिला का शव बरामद किया था। महिला का शव कौलेश्वरी पहाड़ पर स्थित वन विभाग के वाच टावर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ी से बरामद किया गया था। वहां आसपास के पत्थरों पर खून के धब्बे थे, जिससे मालूम पड़ रहा था कि महिला की हत्या पत्थरों कूचकर की गई थी।

17 जनवरी 2020: धनबाद के सिंदरी बलियापुर मुख्य मार्ग पर ईसाई कब्रिस्तान के पास से दामोदर नदी के जमे पानी से एक महिला का शव बरामद किया गया था। शव की पहचान नहीं हो पायी थी। आशंका जताई गई कि महिला की हत्या करके उसके शव को वहां फेंक दिया गया था।

15 जनवरी 2020: लोहरदगा जिले के सदर थाना अंतर्गत ईटा गांव में दशई उरांव के अरहर खेत से एक युवती का जला शव बरामद हुआ था। युवती का शव बरामद होने के दूसरे दिन उसकी पहचान कुड़ू थाना क्षेत्र के बरहनिया स्थित 3 डी डांस अकादमी की शिक्षिका खुशी कुमारी के रूप में की गई थी।

14 जनवरी 2020: लोहरदगा जिले के बगड़ू थाना क्षेत्र में जोगियारा जंगल से युवती का शव बरामद किया गया था। युवती की हत्या सिर कूचकर की गयी थी। मामले में आशंका जतायी जा रही है कि युवती से पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी पत्थर से कूचकर कर दी गयी।

13 जनवरी 2020: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार में 35 वर्षीय महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या करके शव को फेंक दिया गया था। मामले का मुख्य आरोपी आशीष पकड़ा गया, तो पुलिस की पूछताछ में आशीष ने बताया है कि उसने महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद महिला ने भागकर थाना जाने की कोशिश की तो आरोपी आशीष ने महिला को घसीटते हुए शालीमार बाजार तक ले गया और वहां चाकू से उसका गला रेत दिया।

12 जनवरी 2020: धनबाद शहर के बीएल कॉलोनी के समीप सुबह एक महिला का शव मिला था, इससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में बताया गया था कि महिला की हत्या गोली मारकर की गई थी।

30 दिसंबर 2019 : गिरिडीह धनवार थाना क्षेत्र के लहरियाटांड़ के पास डोरंडा-गांवा रोड के किनारे एक महिला का अधजला शव बरामद किया गया। महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जतायी जा रही थी और बाद में महिला के शव को जला दिया गया था। शव मिलने की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की थी।

26 दिसंबर 2019: खूंटी जिला के खूंटी थाना क्षेत्र में सुबह एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ था, देर शाम उसकी पहचान हो गयी थी। युवती रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी।