RANCHI: उद्घाटन के ढाई साल बाद अब शहर के लोगों को एक खूबसूरत नया पार्क मिलने जा रहा है। रांची में करमटोली पार्क तालाब प्राइवेट एजेंसी को चलाने के लिए दिया जा रहा है। अब इस पार्क में जाने के लिए लोगों को टिकट लेना होगा। रांची नगर निगम द्वारा करम टोली पार्क तालाब का ई-ऑक्शन 28 जून को किया जाएगा। 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस पार्क का उद्घाटन किया था। तब से कुछ ही समय के लिए लोग इस पार्क में घूम सके हैं। अधिकतर समय इस पार्क को बंद रखा गया है। अब नई एजेंसी के हाथों में इसका संचालन सौंपा जाएगा, जिसके बाद लोगों को कई तरह की सुविधाएं भी मिलेंगी। हालांकि, आम लोग पेमेंट कर ही सुविधाएं पा सकेंगे।

पुराने स्ट्रक्चर को किया गया है ध्वस्त

करमटोली तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर करीब तीन करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। तत्कालीन सीएम रघुवर दास ने आदेश दिया था कि इस तालाब में कंक्रीट का निर्माण न किया जाए और दोबारा से सौंदर्याीकरण किया जाए। नगर विकास विभाग द्वारा डिजाइन बदल दिया गया। शुरुआत में करमटोली तालाब के लिए जो डिजाइन तैयार किया गया था, उस डिजाइन को मुख्यमंत्री ने रद्द करते हुए नए तरीके से इसके निर्माण का आदेश दिया था। करमटोली तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर तालाब के अंदर कंक्रीट का निर्माण किया जा रहा था। बाद में नगर विकास विभाग ने इसका डिजाइन बदला था। इसके बाद जो कंपनी काम कर रही थी, उसने काम बंद कर दिया।

बनाया गया है कलरफुल फाउंटेन

इस पार्क में म्यूजिकल फांउटेन का भी लुत्फ लोग उठा सकेंगे। 143 मीटर लंबे व 74 मीटर चौड़े इस तालाब में गिर रहे नाले के गंदे पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में साफ कर तालाब में छोड़ा जाएगा। झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्टर डेवलपमेंट कंपनी (जुडको) ने इस तालाब के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार किया है। यहां रात में रंगीन लाइट की रोशनी में तालाब की सुंदरता देखी जा सकेगी।

तालाब व पार्क की यह है खासियत

तालाब की चारदीवारी न कराकर चारों ओर लोहे की ग्रिल लगाई गई है। आम लोग तालाब परिसर के अंदर व बाहर का नजारा देख पाएंगे। तालाब के किनारे बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रेन पार्क का भी है। साथ ही गीतों की धुन पर आधारित होगा फाउंटेन का फव्वारा। तालाब में पैडल बोट की भी होगी सुविधा। आम लोग करमटोली तालाब में बोटिंग का मजा ले सकेंगे। तालाब के एक किनारे दो पब्लिक टॉयलेट व प्रथम तल पर एक फूड कोर्ट की होगी सुविधा। तालाब के चारों ओर हरे-भरे पौधे लगाए गए हैं। तालाब परिसर में एक बायो टॉयलेट की भी सुविधा है। तालाब परिसर में तीन छठ घाट का निर्माण किया गया है। छठ घाट पर विशेष लाइट की व्यवस्था की गई है। तालाब परिसर में एक किनारे पर सरना स्थल का भी सौंदर्यीकरण किया गया है।