रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची के कई चौक-चौराहों पर एलईडी होर्डिंग्स लगवाए गए थे। इनसे सरकारी योजनाओं को आम पब्लिक तक पहुंचाने मकसद था। लेकिन आज ये होर्डिंग्स सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। इस मुद्दे को आम नागरिक भी सोशल मीडिया पर उठा रहे हैं। ट्विटर, फेसबुक पर बंद एलईडी की फोटो लगाकर लोग सवाल उठा रहे हैं। चौराहों पर लगाए गए होर्डिंग्स का जब दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने रियलिटी चेक किया तो मामला यह सही पाया गया। रांची के कचहरी, करमटोली, अरगोड़ा, जेल मोड़ आदि स्थानों पर लगे सभी एलईडी होर्डिंग्स बंद पाए गए। जब इस संबंध में पता करने का प्रयास किया गया तो किसी भी पदाधिकारी के पास कोई सटीक जवाब नहीं था।

सी फोर प्राजेक्ट

कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर यानी की सी फोर प्रोजेक्ट तहत स्मार्ट सिटी कारॅपोरेशन की ओर से शहर में करीब 50 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है। सी फोर प्रोजेक्ट के तहत और भी कई डिवाइस लगाई गईं, जिसमें कैमरा और ट्रैफिक सिग्नल सबसे प्रमुख हैं। इस पूरी योजना पर करीब 165 करोड़ रुपए खर्च हुए, जिसमें एक हिस्सा एलईडी स्क्रीन डिस्प्ले लगाने में भी खर्च हुआ है। लेकिन आज ये बोर्ड सिर्फ दिखावे के लिए रह गए हैं। इसे लगाते वक्त कई बड़े-बड़े दावे किए गए। सरकारी योजनाओं के अलावा मौसम की जानकारी या अन्य कोई ऐसी सूचना जिसे कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इस बोर्ड का इस्तेमाल होना था। कोरोना काल में बोर्ड का प्रयोग हुआ। साथ ही पब्लिक एडे्रस सिस्टम का भी उपयोग प्रशासन द्वारा किया गया। लेकिन बीते छह महीने से भी अधिक समय से एलईडी डिस्प्ले और पब्लिक एडे्रस सिस्टम बेकार है।

मेनटेनेंस पर नहीं ध्यान

रांची के 50 स्थानों पर इस प्रकार के बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें आधे से ज्यादा खराब हो चुके हैं। मेनटेनेंस नहीं होने के कारण दिनोंदिन ये डिस्प्ले बोर्ड बेकार होते जा रहे हैं। रांची के तीन इलाकों का डीजे आईनेक्स्ट ने रियलिटी चेक किया। तीनों स्थानों पर लगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड बंद पाए गए।

स्पॉट-1

एसएसपी आवास चौराहा

सिटी के प्रमुख चौराहों में जाना जाने वाला एसएसपी आवास के पास चौराहे पर भी एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है। वह भी बीते कई महीने से बंद पड़ा है। यहां पर ऑन ड््यूटी तैनात ट्रैफिक के जवानों ने बताया कि डिस्प्ले तो लगा दिया गया है लेकिन इसका कोई यूज नहीं हो रहा।

स्पॉट-2

करम टोली चौक

करम टोली चौक पर भी लगा एलईडी डिस्प्ले बोर्ड बंद है। कोरोना काल में कोरोना के बचाव से संबंधित संदेश इस डिस्प्ले पर आते थे। लेकिन बीते छह महीने से इसका कोई उपयोग ही नहीं किया गया।

स्पॉट-3

रातू रोड चौराहा

राजधानी के सबसे बिजी चौराहों में एक रातू रोड चौराहे पर भी एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है। यहां एक साथ काफी लोगों को सरकार से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारी दी जा सकती है। लेकिन डिस्पले बोर्ड ही बंद करके रखा गया है।

क्या कहती है पब्लिक

सरकार सिर्फ आम लोगों की गाढ़ी कमाई बेकार के काम में खर्च करती है। सड़क नाली कई इलाके में नहीं है। उन्हें छोड़ करोड़ों रुपए खर्च कर एलईडी लगाई गई है, जो आज किसी काम का नहीं है।

- अमित कुमार

मोरहाबादी मैदान में भी बड़ा-बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया गया है, जिसे कभी-कभी ही उपयोग किया जाता है। इसके अलावा रांची के अलग-अलग चौक-चौराहों पर भी एलईडी डिस्प्ले है, जो सब बंद रहते हैं।

- राजीव वर्मा