रांची (ब्यूरो)। झारखंड के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पुलिस-प्रशासन की तत्परता से सद्भावना, भाईचारगी एवं शांति भंग करने वाले उपद्रवियों के नापाक मंसूबे को विफल कर दिया गया। राच्य सरकार विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोहरदगा में पत्रकारों से बातचीत में डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है। पुलिस-प्रशासन में समन्वय है। उन्होंने कहा कि रांची में उपद्रव की घटना की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।

गलत करने वालों की सूचना दें

एक सवाल के जवाब में आईपीएस अधिकारी रहे डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि अगर बाहर से आकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करता है, तो गुमराह होने की जरूरत नहीं है। अमन, शांति, सद्भावना की बात होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं के कारण व्यवसाय पर बुरा प्रभाव पड़ता है। हमसभी को सोचना होगा कि इस तरह की घटना ना हो और ना होने दें। अगर कोई गड़बड़ी फैलाता है, तो पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए, ताकि अगर किसी की गलत मंशा है, तो वह सफल ना हो। उन्होंने कहा पुलिस प्रशासन पर और जिला प्रशासन पर लोगों को भरोसा रखना चाहिए और अगर कोई बात हो तो तुरंत सूचना देनी चाहिए। डॉ उरांव ने राच्यवासियों से शांति, सद्भावना, अमन, भाईचारगी बनाए रखने की अपील की।

हम शांति दूत बनें: आलोक दुबे

इधर, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राच्य की विधि व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास द्वारा दिये गये बयान को बेतुका और राजनीति से प्रेरित करार दिया है। आलोक दूबे ने कहा कि राच्य सरकार, प्रशासन और पुलिस अमन,शांति बहाल करने के लिए काम कर रही है,वहीं भाजपा माहौल को खराब करने की कोशिश करती है। पूरे राच्य में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और वित्त मंत्री डा.रामेश्वर उरांव लगातार स्थिति पर नजर रखकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं,हम सबकी यह कोशिश होनी चाहिए कि हम सब शांति के दूत बनें,तभी हमारी झारखण्ड की गंगा जमुनी संस्कृति अक्षुण्ण रहेगी।

प्रशासन ने मुस्तैदी से कंट्रोल किया

वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि घटना को प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी से ना सिर्फ नियंत्रित किया बल्कि इसके फैलाव को भी रोका। शांति व्यवस्था बनाए रखने में राच्य की जनता ने पूरा सहयोग किया है। इस मौके पर कांग्रेस नेता अशोक यादव, निक्षित जयसवाल, शहादत हुसैन, फहद खान, शदरुल अंसारी, कबीर उरांव, राजू राम मुख्य रूप से उपस्थित थे।