रांची: कांके विधायक समरी लाल के परिवार में घमासान मचा है। पत्नी, बेटी और दामाद एक तरफ हैं, तो दूसरी ओर अकेले समरी लाल हैं, जो राजनीतिक उत्तराधिकार की मांग को लेकर अपने दामाद रवि राज से ही परेशान हैं। शुक्रवार को यह विवाद सड़क पर पहुंच गया। दरअसल, समरी लाल की बेटी, पत्नी और दामाद शुक्रवार को हरमू स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और वहां उन्होंने विधायक समरी लाल पर कई तरह के आरोप लगा दिए। इससे परिवार का विवाद सतह पर आ गया। हालांकि, समरी लाल ने सभी आरोपों से इंकार किया है और कहा है कि जो कुछ कहा जा रहा है, वह झूठ है।

क्या है आरोप

समरी लाल की बेटी और पत्नी ने आरोप लगाया है कि विधायक ने उनके साथ मारपीट की है। गर्म दाल उनके ऊपर फेंका है। अक्सर गाली-गलौच करते हैं और आए दिन प्रताडि़त करते रहते हैं। इस मामले को लेकर मां-बेटी इतनी खफा थीं कि वे पहले विधायक पर एफआईआर दर्ज कराने बरियातू थाने भी गई थीं। वहां किसी सक्षम पदाधिकारी के मौजूद नहीं होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।

इलाके में कुछ और ही चर्चा

कांके क्षेत्र, जहां से समरी लाल विधायक हैं, वहां कुछ और ही चर्चा है। लोग बताते हैं कि समरी लाल के राजनीतिक उत्तराधिकार को लेकर उनके दामाद रवि राज की महत्वकांक्षा बढ़ गई है। वे सोशल मीडिया पर खुद को कांके का भावी 'नेता' बताते हुए भाजपा नेताओं के साथ अपनी करीबी बयान करते रहते हैं। समरी लाल इसके खिलाफ हैं। वे पहली बार कांके से चुने गए हैं। वे परिवार से किसी को राजनीतिक उत्तराधिकार नहीं देना चाहते। वे चाहते हैं कि पार्टी से ही समर्पित कार्यकर्ता आगे आएं। इसे लेकर उन्होंने कई बार घर पर बातचीत भी की है। हालांकि, बेटी-दामाद का साथ उनकी पत्नी भी दे रही हैं। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को मामला इतना बढ़ा कि एक पक्ष समरी लाल की विधायकी रद्द कराने की मांग को लेकर पार्टी के दफ्तर पहुंच गया।

मामला पूरी तरह से परिवार के भीतर का है। कहीं से भी किसी के साथ मारपीट नहीं की गई है। ऐसा आरोप क्यों लगाया गया, यह परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर बातचीत करने के बाद ही पता चलेगा। मेरा यही कहना है कि मैंने कभी जीवन में किसी के ऊपर हाथ नहीं उठाया है और न ही कभी किसी को प्रताडि़त किया है।

समरी लाल, विधायक, कांके