रांची(ब्यूरो)। न्यूनतम दरों पर उच्च स्तर की मेडिकल सेवा देना गुरुनानक हॉस्पिटल का एकमात्र लक्ष्य है। हमारी पूरी टीम इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है और इसी क्रम में आज दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, बर्न यूनिट और रेस्पिरेटरी आईसीयू का उदघाटन हुआ है। यह कहना था गुरुनानक हॉस्पिटल के संस्थापक सदस्य सह पूर्व अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह का।

गुरुवाणी का अखंड पाठ

स्टेशन रोड स्थित गुरुनानक हॉस्पिटल में आज विधिवत रूप से गुरुवाणी के अखंड पाठ, शब्द कीर्तन एवं सामूहिक अरदास के बाद मॉड्यूलर ओटी कॉप्लेक्स का उद्घाटन अस्पताल के संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह एवं वर्तमान अध्यक्ष सरदार मस्तान सिंह ने किया। रेस्पिरेट्री आईसीयू का उद्घाटन श्री गुरु सिंह सभा रांची के अध्यक्ष सरदार गुरमीत सिंह और बर्न यूनिट का उद्घाटन गुरु नानक स्कूल रांची के अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह ने किया। नए प्रतिक्षालय का उद्घाटन गुरु गोविंद सिंह स्कूल कमडे के अध्यक्ष सरदार रंजीत सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन अस्पताल के सचिव सरदार प्रदीप सिंह चड्ढा ने किया, जबकि डॉक्टर एमपी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर हरविर सिंह सलूजा, डॉ मनोज द्विवेदी, डॉ जय कुमार, डॉ पंकज कुमार, परमजीत सिंह टिंकू, अरविंदर खुराना आदि प्रमुख रुप से मौजूद थे।

संक्रमण का खतरा नहीं : डॉ एमपी सिंह

गुरुनानक हॉस्पिटल के डॉ। एमपी सिंह ने मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की विशेषता बताते हुए कहा कि ओटी का फर्श एपोक्सी है और छत तथा चारों दीवारें स्टेनलेस स्टील की है, जिससे ओटी के अंदर किसी तरह के संक्रमण का खतरा नहीं रहता है। बताया कि ओटी की दीवारें पूरी तरह से इंसुलेटेड हैं, जिससे अंदर तापमान पूरी तरह से नियंत्रित रहता है। ओटी के अंदर टेंप्रेचर और ह्यूमिडिटी पेशेंट्स की जरूरत के अनुसार घटाई या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि मॉड्यूलर ओटी होने की वजह से मरीजों को काफी फायदा होता है।