रांची(ब्यूरो)। मोहिनी सुसाइड केस को करीब डेढ़ महीने गुजर चुके हैैं, लेकिन अबतक इस केश की गुत्थी नहीं सुलझी है। मोहिनी बाला नाम की युवती बीते 15 दिसंबर को अपने ही कमरे में फंदे से झूलती मिली थी। पुलिस की छानबीन में नितेश राणा नामक व्यक्ति को संदिग्ध पाया गया था। जिसके बाद लगातार पुलिस नितेश राणा की तलाश कर रही है, लेकिन अबतक पुलिस के हाथ खाली है। मोहिनी के चाचा रविंद्र कुमार ने बताया कि इसी महीने मोहिनी की शादी होनी थी। लेकिन इससे पहले ही उसने अपनी जिदंगी खत्म कर ली।

घर वालों ने दिए सुबूत

जांच के बारे में मोहिनी के चाचा ने बताया कि पुलिस को कई सबूत उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन पुलिस अबतक खुद से इसमें इंवेस्टिगेशन नहीं कर पाई है। इसी वजह से आरोपी आज भी बड़े चैन से रह रहा है। मोहिनी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप पॉवर लिफ्टर नितेश राणा पर है। वाट्सअप चैट से पुलिस को भी प्रथम दृष्टया नितेश पर शक है। हालांकि, मोहिनी की मौत के बाद से ही नितेश फरार है। अब जबतक नितेश को पुलिस पकड़ नहीं लेती, तबतक यह मामला सुलझ नहीं सकता।

शादी से पहले झूल गई पंखे से

राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली मोहिनी बाला की इसी महीने शादी होनी थी। लेकिन इससे पहले ही उसने पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी। उसके चाचा बताते हैं कि मोहिनी एक खुशमिजाज लड़की थी। उसके व्यवहार भी सभी से मधुर थे। लेकिन उसने आत्महत्या क्यों की यह आज भी बस एक राज ही बना हुआ है। सुसाइड वाली रात मोहिनी की नितेश राणा से वाट्सअप पर लंबी बातचीत हुई थी। परिजनों ने बताया कि मोबाइल की जांच होने पर कई राज सामने आए हंै। कई सबूत भी हाथ लगे हैं। लेकिन पुलिस की सुस्त इंवेस्टिगेशन की वजह से केस सुलझ नहीं रहा है।

क्या हुआ 15 दिसंबर को

15 दिसंबर की रात मोहिनी खाना खाने के बाद कमरे में रोज की तरह ही चली गई थी। अगले दिन सुबह जब वह कमरे से नहीं निकली तो बाहर से आवाज लगाई गई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद जब खिड़की से देखा गया तो युवती अपने दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। इसके बाद दरवाजा तोड़ मोहिनी को पंखे से उतारा गया लेकिन तब तक मोहिनी की मौत हो चुकी थी।

ब्लैकमेल कर रहा था नितेश

मोहिनी का मोबाइल खंगालने से पर ये बात सामने आई कि युवती को ब्लैकमेल कर हत्या के लिए उकसाने का काम नितेश राणा नामक युवक के द्वारा किया गया है। नितेश राणा के मोहिनी से बेहतर संबंध थे। दोनों एक दूसरे के काफी नजदीक भी थे। लेकिन कुछ मामलों को लेकर नितेश राणा लगातार मोहिनी को ब्लैकमेल कर रहा था। जांच के क्रम में मोहिनी के मोबाइल से पुलिस को कई ऐसे चैट मिले हैं, जिससे यह पता चलता है कि नीतीश राणा कई मामलों को लेकर मोहिनी को ब्लैकमेल कर रहा था। मोहिनी के वाट्सअप चैट से यह भी पता चला है कि उसने नितेश राणा की बातें अपने नजदीकी दोस्तों से भी शेयर की थी। यह बात भी सामने आई है कि नितेश उसपर शादी का दबाव भी बना रहा था।

चाचा ने दर्ज करवाई थी रिपोर्ट

मोहिनी के मोबाइल से मिले तमाम सबूत और उसके चाचा के द्वारा दर्ज करवाई गई एफआईआर से यह बात काफी गहरी हो गई है कि नितेश राणा के ब्लैकमेलिंग से ही परेशान हो कर मोहिनी ने सुसाइड की। रांची पुलिस इस मामले को लेकर अब नितेश राणा की तलाश में जुटी हुई है, पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस पड़ताल में जुटी है। अलग-अलग सोर्सेज से केस की इंवेस्टिगेशन चल रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा, यदि उसकी संलिप्तता है तो सजा भी दिलाई जाएगी।

-विनोद कुमार, थाना प्रभारी, सुखदेवनगर