रांची: रांची में मई में मौत के आंकड़े भयावह हैं। नगर निगम की मानें तो मई में सबसे ज्यादा डेथ सर्टिफिकेट जारी किए गए। 1 मई से 31 मई तक 1970 डेथ सर्टिफिकेट जारी हुए, जो सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना से भी अधिक हैं। इधर, जिला प्रशासन की तरफ से जारी मौत के आंकड़े भिन्न हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, कोरोना से रांची में मई के 31 दिनों में मात्र 700 मौतें हुई हैं। बता दें कि मई में नगर निगम से जारी डेथ सर्टिफिकेट कोरोना समेत अन्य वजहों से भी हुई मौत के हैं।

आंकड़े चौंकाने वाले

रांची नगर निगम के पिछले तीन महीने के आंकड़े बता रहे हैं कि रांची में जन्म लेने वालों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। मार्च में जहां निगम की तरफ से 1756 बर्थ सर्टिफिकेट जारी किए गए तो 525 डेथ सर्टिफिकेट भी बने। वहीं, अप्रैल में 1490 बर्थ तो 1110 डेथ सर्टिफिकेट जारी किए गए। इसके अलावा मई में महज 726 बर्थ तो 1970 डेथ सर्टिफिकेट बनाए गए हैं।

देश में प्रलय जैसी स्थिति है। कोरोना के साथ अन्य बीमारियों से भी लोग मर रहे हैं। नगर निगम से तो हर प्रकार की मौतों का सर्टिफिकेट जारी किया जाता है। सदर अस्पताल और रिम्स को छोड़कर जो भी यहां आवेदन देगा हम उन्हें सर्टिफिकेट जारी करेंगे। निगम के पास इस गणना का कोई पैमाना नहीं है, जिससे यह जाना जा सके कि कोरोना से कितनी मौतें हुई हैं।

-संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर, आरएमसी

फिलहाल मेरे पास रांची नगर निगम की ओर से जारी आंकड़े नहीं हैं। पहले मैं एक बार क्रॉस चेक करूंगा। इसके बाद ही इस मामले में कुछ बता पाऊंगा।

-विशाल सागर, डीडीसी, रांची