- झारखंड में कोरोना के रोज टूट रहे रिकार्ड, सभी जिलों में मिले बड़ी संख्या में संक्रमित

- हर 100 लोगों की कोरोना जांच में 10 फीसद की रिपोर्ट पॉजिटिव

रांची : झारखंड में कोरोना रोज नए रिकार्ड बना रहा है। दूसरी लहर में जहां प्रत्येक दिन मिलनेवाले नए संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है, वहीं मौत की दर भी बढ़ती जा रही है। एक दिन पूर्व मंगलवार को सर्वाधिक 2,844 संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को पहली बार 24 घंटे के भीतर मिलनेवाले संक्रमितों की संख्या तीन हजार से पार पहुंच गई। इस दौरान 31 मरीजों की जान भी चली गई। यह अबतक की एक दिन में होनेवाली सर्वाधिक मौत है। एक दिन पूर्व मंगलवार को राज्य में 29 मरीजों की मौत हुई थी।

35 हजार जांच

बुधवार को राज्य में 34,995 लोगों के सैंपल की जांच हुई, जिनमें 3,198 संक्रमित पाए गए। इस तरह हर सैंपल में 9.14 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। रांची में रिकार्ड 1,273 नए मरीज मिले, वहीं पूर्वी सिंहभूम में भी 368 संक्रमित मिले। धनबाद, बोकारो, देवघर, कोडरमा, साहिबगंज तथा रामगढ़ में भी सौ से अधिक संख्या में नए मरीज मिले हैं। अन्य जिलों में 100 से कम संख्या में मरीज मिले हैं। इधर, बुधवार को राज्य में इलाज के क्रम में 31 कोरोना मरीजों की मौत हो गई, जिनमें नौ पूर्वी सिंहभूम तथा सात रांची के हैं।

1,798 ने दी कोरोना को मात

राहत की बात यह है कि राज्य के विभिन्न जिलों में 1,798 मरीज स्वस्थ भी हुए। नए संक्रमित मिलने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मामले बढ़कर अब बढ़कर 18,524 हो गए हैं।