रांची: रांची के लाडले महेंद्र सिंह धोनी उर्फ माही ने एक बार फिर चौंकाया है। सोशल मीडिया में वह छाये हुए हैं। इस बार धोनी संन्यासी लुक में सामने आये हैं। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इस तस्वीर को स्टार स्पो‌र्ट्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। यह तस्वीर कब की और कहां की है, इसका खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

बौद्ध भिक्षु का वेश

वायरल तस्वीर में धोनी ने बाल मुंडवा रखे हैं। वह बौद्ध भिक्षुओं जैसे कपड़े में हैं। उनके बैठने का तरीका भी भिक्षु की तरह ही है। इस वजह से लोग उनकी तुलना बौद्ध भिक्षुओं से कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह तस्वीर किसी विज्ञापन के लिए ली गयी है। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी आईपीएल के मद्देनजर साथी खिलाडि़यों के साथ नेट अभ्यास में जुटे हैं। आईपीएल का आगाज नौ अप्रैल से हो रहा है। धोनी की टीम आईपीएल ट्राफी पर तीन बार कब्जा जमा चुकी है।

तरह-तरह के कमेंट

धोनी के संन्यासी लुक वायरल वीडियो पर लोग कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई कह रहा है कि पैसे कमाने के बाद संन्यासी बन रहे हैं तो कोई कह रहा है कि शांति की तलाश में हैं। बहरहाल, जो भी हो यह पहला मौका नहीं है जब लुक की वजह से धोनी चर्चा में हैं, इससे पहले भी अपने लुक की वजह से वह चर्चा के केंद्र में कई बार रह चुके हैं।