रांची: कांके रोड के रहने वाले मुरारी जालान अब जेट एयरवेज उड़ाएंगे। रांची निवासी मुरारी लाल जालान कर्ज में फंसी एयरलाइंस कंपनी जेट एयरवेज के मालिक बन गए हैं। बता दें कि लंदन के कालरॉक कैपिटल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएइ) के निवेशक मुरारी लाल जालान वाली कंसोर्टियम कंपनी जेट एयरवेज की नई मालिक होगी। मुरारी लाल जालान की कंपनी वर्तमान में इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, माइनिंग और टूरिज्म सेक्टर में भी कार्यरत है। वह यूएइ में एमजे डेवलपर्स के मालिक हैं। रूस, ब्राजील, भारत, दुबई और उज्बेकिस्तान समेत कई देशों में भी उनका बिजनेस फैला हुआ है। जानकारी मिली है कि जेट एयरवेज को कर्ज देने वाली क्रेडिटर्स कमिटी (सीओसी)ने इसकी मंजूरी दे दी है। यह सर्वविदित है कि एक साल पहले जेट एयरवेज आर्थिक संकट के कारण बंद हो गई थी।

माता के देहांत पर आए थे रांची

मुरारी लाल जालान के भाई नारायण जालान बताते हैं कि मुरारीलाल का जन्म रांची में ही हुआ। उन्होंने पढ़ाई भी रांची में की है। 1992 में वह रसिया गए और उन्होंने वही अपना बिजनेस शुरू कर लिया। मेरी माताजी का देहांत पिछले साल रांची में हुआ था। उस समय वह रांची आए थे। शुरू से ही मेधावी और बिजनेस में एक्सपर्ट मुरारीलाल जालान का कारोबार अब दुनिया के कई देशों में फैल चुका है।

आईलेक्स व ब्रिजफोर्ड स्कूल के हैं ओनर

नारायण जालान फिलहाल अपने परिवार के साथ कांके रोड में रहते हैं। अभी हिनू स्थित आइलेक्स और ब्रिजफोर्ड पब्लिक स्कूल के मालिक भी हैं। नारायण जालान बताते हैं कि मेरे पिताजी स्व। गणेश प्रसाद जालान का पेपर ट्रेडिंग का काम था। जिसमें हमारे पूरे परिवार के लोग जुटे हुए थे। बाद के दिनों में सभी लोगों ने अलग-अलग व्यवसाय शुरू किया और अपने फील्ड में अच्छी सफलता हासिल की।

रांची से ही शुरू की है बिजनेस

मुरारी लाल जालान का जेट एयरवेज का मालिक बनना रांची के लिए गौरव की बात है। ऐसा इसलिए कि मुरारी लाल जालान ने रांची से ही अपना व्यवसाय शुरू किया था। जान लें कि मुरारी लाल के बड़े भाई नारायण जालान रांची में ही रहते हैं। छोटे भाई विशाल जालान मुरारी जालान के साथ दुबई में रहते हैं। जानकारी के अनुसार, 1990 में लाल जालान ने जीइएल चर्च कॉम्पलेक्स में एक्सप्रेस फोटो की शुरुआत की थी। 1991-92 में उन्होंने रूस जाकर कोनिका का डिस्ट्रीब्यूशन लिया। कुछ साल वहां रूस में रहे फिर दुबई आ गये थे।

मुरारी जालान के प्रस्ताव को शनिवार को मंजूरी मिली

जेट एयरवेज के कर्जदाताओं की समिति (सीओसी) ने दिवाला समाधान प्रक्रिया के तहत ब्रिटेन की कलरॉक कैपिटल और संयुक्त अरब अमीरात के मुरारी जालान के प्रस्ताव को शनिवार को मंजूरी दे दी। जेट एयरवेज के समाधान पेशेवर (आरपी) आशीष छावछरिया ने बीएसइ फाइलिंग में कहा कि प्रस्ताव पर इ-वोटिंग के बाद योजना को मंजूरी दी गई। खबर है कि बंद हो चुकी विमानन कंपनी को दो समूहों से प्रस्ताव मिले थे। जिस समूह के प्रस्ताव को स्वीकार किया गया है, उसमें फ्लोरियन फ्रिट्च द्वारा स्थापित ब्रिटेन की कलरॉक कैपिटल और संयुक्त अरब अमीरात के मुरारी जालान शामिल हैं।