रांची: चान्हो थाना क्षेत्र के चारा गांव निवासी 62 वर्षीय जगरनाथ मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जगरनाथ मुंडा के पेट मे नजदीक से गोली मारी गई थी, जो दूसरी ओर पार कर गई थी। हत्या के कारण का पता नही चल पाया है। सूचना मिलने पर चान्हो पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना बुधवार शाम की है। जानकारी के अनुसार जगरनाथ मुंडा भैंस पालने व दूध बेचने का काम करता था। वह हमेशा की तरह बुधवार को दिन मे अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव के निकट ही स्थित जंगल ले गया था।

लोगों ने देखा शव

शाम को जंगल से गुजर रहे गांव के ही कुछ बच्चों ने देखा कि जगरनाथ मुंडा का शव एक पेड़ के नीचे एक गढ्डे मे पड़ा हुआ है। बच्चों ने इसकी जानकारी गांव मे आकर अन्य लोगों को दी। इसके बाद गांव के लोग घटनास्थल से जगरनाथ मुंडा के शव को गांव लेकर आ गए और इसकी सूचना चान्हो पुलिस को दी। थाना प्रभारी दिलेश्वर कुमार ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने चारा गांव से तीन किलोमीटर अंदर जाकर जंगल घटनास्थल का मुआयना किया। घटनास्थल पर खून के अलावा कोई और साक्ष्य नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार जगरनाथ मुंडा की किसी से दुश्मनी भी नही है। मामले को लेकर परिजनों की ओर से चान्हो थाना मे अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।