RANCHI : हेडिंग पढ़कर आप बेशक चौंक उठेंगे मगर नगर निगम की कार्यप्रणाली इस बात को साबित करने के लिए काफी है। शहर में पिछले साल प्रॉपर सफाई नहीं कराये जाने पर जब डेंगू का आतंक शुरू हुआ तो उसकी चपेट में कई लोगों के लगातार आने का सिलसिला बना रहा। इस दौरान कई गंभीर अवस्था में चले गए थे। हर तरफ इस खतरनाक बीमारी को लेकर भय का आलम था। जिसके बाद आनन फानन में एक्टिव हुए नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने ससपेक्टिव एरिया में मच्छरों के लार्वा के खात्मे के लिए दवा का छिड़काव कराने के साथ ही बीमारी से बचाव के लिए तमाम इंतजाम किया था। दावा किया गया था कि दोबारा इस बीमारी को सर नहीं उठाने दिया जाएगा। इसके लिए पूरे साल निगम एक्टिव रहेगा। पर हुआ वही जो हर साल नजर आता है। दावे के बाद भी निगम पूरे साल भर सोया रहा, जिसका नतीजा है कि इस साल भी पूरे सिटी में मच्छरों का राज कायम है। बारिश के बाद कई इलाकों में लार्वा भी मिला है। जिसके कारण डेंगू के फैलने की फिर से आशंका बढ़ गई है।

तो नहीं आती नौबत

रांची के सैकड़ों घरों में डेंगू-मलेरिया के जब लार्वा मिले, तब जाकर नगर निगम की नींद खुली है। यही साफ-सफाई व छिड़काव का काम रेगुलर होता तो आज यह नौबत नहीं आती। साल भर गहरी नींद के बाद अब बरसात में नगर निगम के अधिकारी जागे हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं स्टाफ को भी इसके लिए स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है ताकि डेंगू-मलेरिया को फैलने से रोका जा सके। बताते चलें कि सैकड़ों घरों में डेंगू-मलेरिया के लार्वा मिलने के बाद रांची नगर निगम रेस हो गया है।

डोर टू डोर चेकिंग

डेंगू और चिकनगुनिया के लार्वा साफ पानी में पनपते हैं। लेकिन पिछली बरसात के बाद नगर निगम ने कभी भी अभियान नहीं चलाया। अब बरसात शुरू हुई तो हेल्थ डिपार्टमेंट के साथ डोर टू डोर अभियान शुरू किया गया है। उसमें भी प्राथमिकता के आधार पर घरों में चेकिंग की जा रही है। इसके बाद वहां पर ब्लीचिंग व केमिकल का छिड़काव कराया जा रहा है।

स्टाफ को भी स्पेशल ट्रेनिंग

नगर निगम और हेल्थ डिपार्टमेंट के स्टाफ्स को मच्छरजनित बीमारियों को रोकने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। साथ ही हर वार्ड में उनकी जिम्मेवारी भी तय कर दी गई है। जिसके तहत वे घरों में जाकर लोगों को जागरूक भी करेंगे। ताकि डेंगू,मलेरिया, चिकनगुनिया के मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।

.बॉक्स

अब आपके घर में मिला लार्वा तो काटेंगे फाइन

डोर टू डोर अभियान के तहत लोगों के घरों में कई दिनों से जमा पानी के बर्तन खाली कराए जा रहे हैं। वहीं बर्तन और डिब्बों की अच्छी तरह सफाई करने के बाद ही पानी भरने की सलाह लोगों को दे रहे हैं। इतना ही नहीं, लोगों को वार्निग दी गई कि दोबारा से मच्छर का लार्वा मिला तो उनका फाइन भी काटा जाएगा। अगर यह अभियान सालों भर चलता तो मच्छर पनपने की संभावना ही नहीं होती तो बीमारी फैलना तो दूर की बात है।