नारी द फाइटर - प्रियंका सिंह

RANCHI: कहा जाता है कि तमाम मुश्किलों के बावजूद जो हार नहीं मानता, निरंतर अपने लक्ष्य को साधने में लगा रहता है उसे सफलता मिल ही जाती है। कुछ ऐसी ही कहानी है राजधानी के कोकर में रहने वाली फैशन डिजाइनर, एक्ट्रेस, सोशल वर्कर प्रियंका सिंह की, जो तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए आज ना सिर्फ आत्मनिर्भर हैं, बल्कि सैकड़ों युवाओं को फैशन व मॉडलिंग की दुनिया में प्रसिद्धि दिलवा चुकी हैं। कई नेशनल अवार्ड अपने नाम कर चुकी प्रियंका सिंह आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की ओर से इंटरनेशनल वूमेन डे को लेकर नारी द फाइटर सीरीज के तहत आज हम आपको रूबरू करा रहे हैं प्रियंका सिंह से।

सामाजिक काम ने दिलाई पहचान

प्रियंका सिंह बताती हैं कि बचपन से वह पढ़ाई के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी आगे रहीं। सबसे बड़े प्रोग्राम में भाग लेती रहीं और आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें उनकी मां का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कंप्यूटर शिक्षा देना, गरीब बच्चों के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराना, पर्यावरण जागरुकता अभियान चलाना इनकी आदतों में शुमार है। वह कहती हैं कि सोशल वर्क में उनकी काफी रुचि है और वह हमेशा इसमें बढ़-चढ़ कर अहम रोल अदा करती रही हैं।

बचपन से फैशन में रुचि

प्रियंका की रुचि फैशन में बचपन से ही रही है। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ इसे भी पूरा किया। 2014 में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और मुश्किलों को पार करते हुए उन्होंने अपनी जगह बनाई। आगे बढ़ती रहीं फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फैशन को लेकर झारखंड खादी, मिस ओरिफ्लेम, मिस सावन सहित कई खिताब हासिल कर चुकी हैं। वह कहती हैं कि पढ़ाई कभी नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ योगा, कराटे, कम्प्यूटर और फैशन डिजाइनिंग का भी कोर्स किया है, जो उनके सपने थे, उन्होंने उसे बखूबी पूरा किया। उन्होंने अपनी मेहनत की बदौलत बेंगलुरु की एक टेक्सटाइल कंपनी में एचआर के पोस्ट पर जॉब भी किया, लेकिन बाद में वह अपने अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए सामाजिक कार्य शुरू कर दिया। इससे उनकी पहचान और बढ़ती गई। कई जगहों से ऑफर भी आने लगे।

कई नेशनल अवार्ड जीता

प्रियंका उत्तर प्रदेश में आयोजित स्टार इंडिया प्राउड अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। हाल ही में प्रियंका को मुंबई ग्लोबल अवार्ड से भी नवाजा गया, जिसमें बॉलीवुड के कई सितारे मौजूद रहे। यह अवार्ड उन्हें दिया जाता है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। प्रियंका खाली समय में अपने परिवार वालों के साथ रहना पसंद करती हैं

रूरल एरिया के यूथ को भी किया प्रमोट

प्रियंका ने फैशन जगत में न सिर्फ शहर बल्कि हजारों की संख्या में गांव की युवाओं को भी आगे लाया। उनको मुंबई, दिल्ली जैसी मेट्रो सिटी में आगे बढ़ाया है। अब वो सभी आत्मनिर्भर बन चुके हैं। प्रियंका बताती हैं कि कई लड़कियों को उन्होंने मॉडलिंग के फील्ड में मुकाम तक पहुंचाया है। वह अब तक 500 से अधिक अवार्ड जीत चुकी हैं। प्रियंका आज की लड़कियों के लिए कहती हैं कि किसी भी परिस्थिति से हार नहीं मानना चाहिए। मुश्किलें आती रहेंगी और उसका सामना करते रहना चाहिए। वह कहती हैं हम सभी को नारी का सम्मान करना चाहिए। घर का अभिमान है तुझसे ही जन्मा, तुझसे ही उपजा, हर किसी का नाम है, नारी तू महान है, नारी तू महान है।

प्रोफाइल

नेम: प्रियंका सिंह उर्फ जिया

प्रोफेशन: मॉडल कम डिजाइनर, जियारो इवेंट संचालिका एंड एक्ट्रेस

फादर: एसके सिंह

मदर: माधुरी सिंह

हॉबी: फोटोग्राफी, ड्रेस डिजाइनिंग, मॉडलिंग, म्यूजिक, सोशल वर्क

एजुकेशन: मास्टर्स पीजी इन फैशन डिजाइनिंग