- डीजीपी ने की बैठक, विशेष शाखा व अभियान को सौंपा 15 दिनों का टास्क

- राज्य में अमन चैन के लिए दोनों ही विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका पर किया विचार-विमर्श

रांची : राज्य के नए डीजीपी नीरज सिन्हा ने अवकाश के दिन शनिवार को पुलिस के दो महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इनमें से एक राज्य की खुफिया एजेंसी (विशेष शाखा) व दूसरा अभियान सेक्शन शामिल था। राज्य में अमन-चैन बनाए रखने के लिए इन दोनों ही विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सूचना तंत्र को विकसित करने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि दोनों विभागों के आपसी तालमेल को मजबूत बनाकर कैसे सफल अभियान चलाया जा सकता है।

क्या करना है दिए निर्देश

डीजीपी ने इस बीच विशेष शाखा और अभियान को 15 दिनों का टास्क भी सौंपा। इस अवधि में उन्हें क्या-क्या काम करना है, बैठक में इसपर चर्चा हुई। हालांकि सुरक्षात्मक दृष्टि से किसी भी अधिकारी ने सौंपे गए टास्क को उजागर नहीं किया। हां, इतना जरूर कहा, डीजीपी सौंपे गए कार्यो की समीक्षा 15 दिनों बाद करेंगे। इस दौरान देखा जाएगा कि सौंपी गई कार्ययोजना पर कितना काम हुआ।

पहली मीटिंग

पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित डीजीपी की पुलिस मुख्यालय में यह पहली बैठक थी। उन्होंने दोनों ही विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मियों का परिचय लिया और यह जानने की कोशिश की कि वे कौन-कौन काम करते हैं। बैठक में डीजी मुख्यालय अजय कुमार सिंह, एडीजी विशेष शाखा मुरारी लाल मीणा, एडीजी अभियान नवीन कुमार सिंह, आइजी अभियान साकेत कुमार सिंह के अलावा विशेष शाखा के अन्य पदाधिकारियों ने शिरकत की।