RANCHI: रांची समेत पूरे राज्य में कोविशील्ड वैक्सीन खत्म हो चुकी है। इतना ही नहीं, कोवैक्सीन की डोज भी खत्म हो चुकी थी, लेकिन शुक्रवार को एक लाख डोज आने के कारण अब कोविशील्ड की जगह कोवैक्सीन ही दी जाएगी। इससे राज्य भर में जिन लोगों ने कोविशील्ड की फ‌र्स्ट डोज ली है, उन्हें सेकंड डोज के लिए अभी और इंतजार करना होगा। इधर, एक लाख डोज कोवैक्सीन पहुंचने के बाद शुक्रवार को ही सभी जिलों को टीके भेज दिए गए।

दो जिलों में नहीं पड़ा टीका

राज्य में शुक्रवार को बची हुई वैक्सीन से ही सीमित केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। सभी जिलों में अधिसंख्य केंद्र बंद रहे। हजारीबाग तथा कोडरमा में तो टीकाकरण ही नहीं हुआ। वहीं, बोकारो में 50 से भी कम टीकाकरण हुआ। एक दिन पूर्व गुरुवार को भी बोकारो तथा धनबाद में टीकाकरण नहीं हुआ था। पूरे राज्य की बात करें तो शुक्रवार को शाम तक महज 16 हजार लोगों का ही टीकाकरण हुआ था। एक दिन पूर्व भी गुरुवार को महज 20 हजार लोगों को टीका लग पाया था।

सेकंड डोज वालों को प्रायोरिटी

राज्य में कोविशील्ड वैक्सीन खत्म होने से शनिवार को भी अधिसंख्य केंद्रों पर कोविशील्ड का टीका नहीं पड़ पाएगा। एक लाख डोज कोवैक्सीन मिलने से कुछ केंद्रों पर कोवैक्सीन का टीका लग सकता है। इसमें दूसरी डोज का टीका लेनेवालों को प्राथमिकता दी जाएगी।

15 के बाद ही रफ्तार

राज्य में 14 जुलाई तक कोविशील्ड का टीका पड़ने की उम्मीद नहीं है। कोविशील्ड की अगली खेप 15 जुलाई को पहुंचेगी, जिसमें 2,57,790 डोज वैक्सीन मिलेगी। ऐसे में 15 जुलाई के बाद ही राज्य में वैक्सीन की किल्लत दूर होगी। बता दें कि अगले पखवाड़े में राज्य को लगभग 14 लाख डोज वैक्सीन मिलनेवाली है। ऐसे में नियमित रूप से वैक्सीन मिलने पर प्रतिदिन एक लाख टीकाकरण हो सकता है।

किस जिले को कितनी कोवैक्सीन

बोकारो : 6,400, चतरा : 3,300, देवघर : 4,600, धनबाद : 8,300, दुमका : 4,100, पूर्वी सिंहभूम : 6,400, गढ़वा : 4,100, गिरिडीह : 7,700, गोड्डा : 4,000, गुमला : 3,100, हजारीबाग : 5,200, जामताड़ा : 2,400, खूंटी : 1,500, कोडरमा : 2,000, लातेहार : 2,200, लोहरदगा : 1,300, पाकुड़ : 2,800, पलामू : 5,900, रामगढ़ : 2,800, रांची : 8,600, साहिबगंज : 3,700, सरायकेला खरसावां : 3,300, सिमडेगा : 1,700, पश्चिमी सिंहभूम : 4,600