रांची: राज्य के वीवीआईपी नेताओं को मिली धमकी के मामले ठंडे बस्ते में जाते नजर आ रहे हैं। पिछले तीन महीने में राज्य में इस तरह के तीन गंभीर मामले सामने आए हैं, जिनमें अज्ञात लोगों द्वारा कॉल, ई-मेल और लेटर के माध्यम से राज्य के सीएम, एक्स डिप्टी सीएम जैसे बड़े नेताओं को धमकी दी गई है। वहीं साल भर पहले एक्स सीएम रघुवर दास की सोशल साइट अकाउंट में भी अश्लील पोस्ट डाले गए थे, जिसका कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। जब राज्य के सीएम और एक्स सीएम से जुड़े तकनीकी मामले सॉल्व नहीं किये जा रहे हैं तो आम केस के हाल का अंदाजा लगाया जा सकता है।

थम नहीं रहे मामले

गौरतलब है कि बीते 8 जुलाई को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ई-मेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके कुछ ही दिन बाद 14 अगस्त को एक्स डिप्टी सीएम सह आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो से 15 लाख की रंगदारी मांगी गई और नहीं देने पर घर में घुसकर गोली मारने की भी धमकी दी गई। इसके बाद बीते 24 अगस्त को धनबाद के बीजेपी विधायक राज सिन्हा को एक अज्ञात महिला ने पत्र भेज कर उनकी हत्या की योजना की जानकारी दी। इन तीनों मामलों में झारखंड पुलिस जांच कर रही है, लेकिन पुलिस को अब तक धमकी देने वालों का कोई सुराग नहीं मिला है।

सीएम हेमंत को जान से मारने की धमकी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बीते 8 जुलाई को जान से मारने की धमकी मिली। सीएम को धमकी देते हुए कहा गया था कि अगर वो नहीं सुधरे तो जान से मार दिए जाएंगे। ई-मेल पर दी गई जान से मारने की धमकी के खुलासे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूरे मामले की तफ्तीश के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई। सीआइडी ने एसआइटी को ई-मेल भेजने वाले अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी का आदेश दिया था। हालांकि अब तक धमकी दिए जाने वाले का कोई पता नहीं चल पाया है।

सुदेश से मांगी 15 लाख रंगदारी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी देने वाले अपराधी अभी पुलिस गिरफ्त में आए भी नहीं थे कि झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम को भी जान से मारने की धमकी मिल गई। आजसू सुप्रीमो और सिल्ली से विधायक सुदेश महतो से 15 लाख की रंगदारी मांगी गयी है। रंगदारी मांगने वाले शख्स ने सुदेश को धमकी दी है कि अगर पैसे नहीं मिले तो घर में घुसकर गोली मार देगा।

गोंदा थाना में एफआईआर

रांची के गोंदा थाना में सुदेश महतो की तरफ से महेंद्र कुमार नामक व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाया है। इसमें कहा गया है कि 14 अगस्त की रात सुदेश महतो के नंबर पर दो बार फोन आया। इसमें उनसे रंगदारी नहीं देने पर घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दी गयी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने जमशेदपुर के एक युवक को हिरासत में लिया था। लेकिन युवक ने बताया कि जिस नंबर से धमकी दी गयी है वह नंबर उसका तो है लेकिन उसका मोबाइल फोन 4 दिन पहले ही गुम हो गया था। इसका सनहा भी उसने दर्ज करवाया था।

एमएलए राज सिन्हा को जान से मारने की सुपारी

एक अज्ञात महिला ने धनबाद के बीजेपी विधायक राज सिन्हा को बीते 24 अगस्त को पत्र भेजा था। महिला द्वारा भेजे गए पत्र में विधायक राज सिन्हा की हत्या की योजना की जानकारी दी गई थी। इसमें हत्या की योजना में शामिल लोगों का मोबाइल नंबर और वाहन नंबर भी लिखा गया था। अज्ञात महिला द्वारा धनबाद विधायक राज सिन्हा को लिखे पत्र में कहा गया था कि मैं यह सूचित करना चाहती हूं कि आपको जान से मारने के लिए कुछ खतरनाक अपराधियों को सुपारी दी गई है। इन अपराधियों के पास लेटेस्ट ऑटोमेटिक पिस्टल, रिवॉल्वर और एके-47 जैसे हथियार मौजूद हैं। पत्र मिलने के बाद पत्र भेजनेवाली ज्योति सिन्हा नामक महिला का पता लगाने सरायढेला थाने की पुलिस हजारीबाग गई थी। छानबीन में पुलिस को महिला के पता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। लेटर में जो पता दिया गया था वो गलत था। तब पुलिस ने उस पोस्ट ऑफिस के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जहां से विधायक को चिट्ठी स्पीड पोस्ट की गई थी। लेकिन उससे भी पुलिस को कुछ खास हाथ नहीं लगा। इसके बाद थक हारकर पुलिस हजारीबाग से धनबाद लौट गई।