RANCHI: सिटी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर रांची नगर निगम ने कमर कस रखी है, लेकिन मजदूरों के नहीं पहुंच पाने के कारण अब सफाई का काम प्रभावित हो रहा है। इतना ही नहीं कई इलाकों में तो कचरे का अंबार लगना भी शुरू हो चुका है। घरों से कचरे का कलेक्शन भी धीमा पड़ गया है, जिससे सिटी में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। ऐसे में पार्षदों ने तत्काल नगर निगम से सफाई काम में लगे स्टाफ को आईकार्ड जारी करने की मांग की है, जिससे उन्हे सिटी में एंट्री मिल सके।

आईकार्ड नहीं तो निकलना मुश्किल

कोरोना को लेकर सिटी में घूमने पर रोक है। घर से भी जरूरी काम के लिए ही लोग निकल रहे हैं। उसमें भी लोगों से आईकार्ड मांगा जा रहा है, लेकिन नगर निगम के सफाईकर्मियों के पास आईकार्ड नहीं है। इस वजह से उन्हें न तो शहर में एंट्री मिल रही है और न ही बाहर निकलने दिया जा रहा है। इस वजह से वे लोग अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। अब इसका खामियाजा सिटी की पब्लिक भुगत रही है।

हेल्पलाइन नंबर पर करें कंप्लेन

सफाई नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। वहीं कई लोगों के टॉयलेट के टैंक भी फुल हो चुके हैं। अब लोग लॉकडाउन की वजह से परेशान हैं। ऐसे में डिप्टी मेयर ने दो हेल्पलाइन नबंर 9431104429, 94311-15825 जारी किए हैं, जिसपर कंप्लेन करने के बाद तत्काल समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

पार्षदों ने बताई परेशानी

सफाई का काम प्रभावित है। मजदूरों के नहीं आने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम से निवेदन है कि सभी वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मचारी को आईकार्ड बना कर दिया जाए। पुलिस आईकार्ड नहीं होने के कारण उन्हें शहर में आने से रोक रही है।

अर्जुन राम, पार्षद

मेरे वार्ड में सफाई की हालत ठीक नहीं है। जगह-जगह कचरा जमा हो रहा है। लोगों के घरों से भी कचरे का उठाव ढंग से नहीं हो पा रहा है। नगर निगम को तत्काल इसका समाधान निकालने की जरूरत है। अधिकारी इसे गंभीरता से लें।

डॉ साजदा खातून, पार्षद

हमारे वार्ड में दूर-दराज से महिला मजदूर आती हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में वे लोग नहीं आ पा रही हैं। वहीं सफाईकर्मी भी आने में असमर्थ हैं। इसके लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है और सफाई दुरुस्त करनी होगी।

जेरमिन टोप्पो, पार्षद

रांची में सफाई को लेकर लोगों की कंप्लेन मिल रही है, जिसका तत्काल समाधान करने की कोशिश जारी है। कोई भी नागरिक मेरे या रांची नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल या मैसेज के माध्यम से जानकारी दे सकते हैं। समस्या का समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा।

संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर, रांची