रांची(ब्यूरो)। सरकार ने जबसे राशन कार्ड से आयुष्मान कार्ड को जोड़ा है, सभी लोग राशन कार्ड बनवाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन जिला आपूर्ति कार्यालय में लोगों का नया कार्ड नहीं बन रहा है। बहुत सारे लोग हैं जो आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए कार्ड बनवाने में परेशान हैं, लेकिन उनका कार्ड नहीं बन रहा है। रांची जिला में फिलहाल गुलाबी राशन कार्ड और पीला कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। ये दोनों कार्ड पात्रता पूरी करनेवाले लाभुकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत दिए जाते हैं। रांची समाहरणालय में फिलहाल केवल ग्रीन कार्ड से जुड़े काम ही किए जा रहे हैं।

नाम भी नहीं जोड़ा जा रहा

बहुत सारे ऐसे लोग भी हैं जिनका राशन कार्ड पहले से बना है, लेकिन नाम उसमें एड नहीं है। अब अगर आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ लेना है तो नाम नहीं जोड़ा जा रहा है। जब तक कोटा खाली नहीं होता है, तब तक नाम भी नहीं जोड़ा जाएगा।

सबसे अधिक भीड़ रहती

रांची कलेक्टेरिएट के अगर किसी दफ्तर के बाहर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है तो वो आपूर्ति कार्यालय ही है। यहां रोजाना नया राशन कार्ड बनवाने, पुराने कार्ड में सुधार कराने और नया नाम जुड़वाने लोग आते हैं। कई लोग तो नया कार्ड बनवाने के लिए कई महीनों से दौड़ रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कार्ड नहीं बना है।

3. 66 लाख परिवारों को लाभ

रांची जिला में फि लहाल 3,66,532 परिवारों के पास पीएच कार्ड है। इसके तहत 15,04,202 लोगों को कार्ड से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं अंत्योदय कार्ड एएवाई कार्ड के तहत जिला में कुल 1,03,870 परिवारों को जोड़ा गया है। इसमें से कुल 3,98,221 लोगों को लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार के ग्रीन कार्ड से 46,778 परिवार जुड़े हैं। इससे 1,16,414 लोगों को लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा राज्य सरकार के सफेद कार्ड से 33,400 परिवार जुड़े हैं।

किस कार्ड का क्या है महत्व

गुलाबी कार्ड

यह पीएच यानी प्रायोरिटी हाउस होल्ड कार्ड है। इसके तहत प्रति व्यक्ति पांच किलो के हिसाब से खाद्यान्न दिया जाता है। इससे जुड़े लोगों को आयुष्मान भारत व पेंशन योजना का भी लाभ मिलता है। इस कार्ड का कलर गुलाबी होता है। इसमें प्रत्येक सदस्य को पांच किलो अनाज दिया जाना है। इसमें पात्र गृहस्थ परिवार के सदस्य आते हैं। पात्र गृहस्थ योजना में 2.64 करोड़ सदस्य हैं।

अंत्योदय कार्ड

अंत्योदय अन्न योजना कार्ड सबसे गरीब तबके के लोगों के लिए बनाया जाता है। इस कार्ड पर एक परिवार को 35 किलो राशन दिया जाता है। इसके तहत लोगों को आयुष्मान भारत और पेंशन योजना का लाभ दिया जाता है। यह कार्ड पीला होता है। राज्य में 9.17 लाख अंत्योदय परिवार हैं।

ग्रीन कार्ड

राज्य सरकार के इस कार्ड के तहत परिवार को पांच किलो राशन दिया जाता है।

क्या कहते हैं अधिकारी

जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रांची में फिलहाल ग्रीन कार्ड ही बनाया जा रहा है। शुरुआत में ग्रीन राशन कार्ड दिया जाएगा। पात्र गृहस्थ परिवार और अंत्योदय परिवारों को भी अब ग्रीन राशन कार्ड के लिए ही आवेदन करना होगा। इन परिवारों को गुलाबी या पीला कार्ड दिया जाता है, लेकिन इन दोनों कार्ड की श्रेणी में कोई जगह खाली नहीं रहने के कारण इन्हें ग्रीन कार्ड से काम चलाना होगा। जब पीला या गुलाबी कार्ड के लिए जगह खाली होगी, तब जाकर उन्हें उनकी श्रेणी में रखा जाएगा और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा।