रांची: अगर आपका भी अपना घर रांची में है और रांची नगर निगम में रजिस्टर्ड कराया है तो आपका घर गूगल मैप पर दिखेगा। इससे आपको जानकारी मिल सकेगी कि आपका घर किस इलाके में है। चूंकि रांची नगर निगम ने सिटी के सभी हाउस होल्ड को जियो टैगिंग से जोड़ दिया है। ऐसे में एक क्लिक पर आपका घर और दुकान आपके स्क्रीन पर होगा। इसका फायदा यह होगा कि बाहर से आने वालों को भी आपके घर-दुकान तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। बताते चलें कि रांची नगर निगम धीरे-धीरे पूरी व्यवस्था को ऑनलाइन करने जा रहा है। इसी के तहत पहले से ही हर वार्ड में रजिस्टर्ड हाउस होल्डर को यूनिक नंबर जारी किया गया है। 15 डिजिट वाले इस नंबर को डालते ही यह पता चल जाता है कि आपका घर किस वार्ड में है।

2.1 लाख हाउस होल्डर्स रजिस्टर्ड

रांची नगर निगम में अबतक 1.87 लाख घरों की जियो टैगिंग की जा चुकी है। इसके लिए नगर निगम छह साल से काम कर रहा है। स्पैरो सॉफ्टेक एजेंसी सिटी में टैक्स कलेक्शन के साथ ही यह काम भी कर रही है। जबकि 2.1 लाख हाउस होल्डर्स नगर निगम में रजिस्टर्ड हैं, जिसे बढ़ाकर ढाई लाख तक करने का लक्ष्य रखा गया है।

हर रोड, गली होगी ऑनलाइन

सिटी में 53 वार्डो की मुख्य सड़कों के अलावा कनेक्टिंग रोड और गली-मोहल्लों को भी ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे कि बिना किसी झंझट के सीधे अपने डेस्टिनेशन पर पहुंच सकेंगे। वहीं किस गली के कौन से मोहल्ले में आप रहते हैं इसकी जानकारी भी मिल जाएगी। इसके अलावा आपके आसपास के रोड और गली की भी जानकारी मिल सकेगी।

जियो टैग से सुधरेगी व्यवस्था

पूरे शहर की जियो टैगिंग से नगर निगम के पास हर घर की जानकारी होगी। इससे सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं गाडि़यां वेस्ट कलेक्शन के लिए जिस घर तक जाएंगी उसकी भी अपडेट मिलती रहेगी। इससे छूट गए घरों को भी कवर किया जा सकेगा। चूंकि यह जानकारी मिल जाएगी कि कितने घर उस गली या मोहल्ले में छूट गए हैं। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जा सकेगी।