- टोक्यो ओ¨लपिक में बेहतर प्रदर्शन कर लौटी हाकी चैंपियन निक्की प्रधान व सलीमा टेटे को विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

- दोनों खिलाडि़यों ने सम्मान के लिए जताया आभार, कहा प्रोत्साहन से मिलती है आगे बढ़ने की प्रेरणा

रांची : झारखंड की बेटियों ने टोक्यो ओ¨लपिक में शानदार खेल का प्रदर्शन कर पूरे देश का मान बढ़ाया है। यह बातें विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने कही। वह शुक्रवार को झारखंड विधानसभा भवन में आयोजित हाकी खिलाड़ी निक्की प्रधान व सलीमा टेटे के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। दोनों खिलाडि़यों को सम्मानित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बेटियों का बेहतर प्रदर्शन राज्य के लिए गौरव का पल है। इनके प्रदर्शन से झारखंड के साथ पूरे देश में खुशी है। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल-प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध है। इन खिलाडि़यों ने यह साबित कर दिया है कि इन्हें पर्याप्त सुविधाएं मिलें तो ये बड़े-बड़े दिग्गजों को पछाड़ सकती हैं और बेहतर प्रदर्शन करके दिखा सकती हैं। इन्हें आगे भी पर्याप्त सुविधाएं मिले, इसका हमे ख्याल रखना है।

समाज आगे आए

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खिलाडि़यों से लोगों की अपेक्षाएं हैं। इनके प्रोत्साहन के लिए समाज को आगे आना होगा। खेल में जीत-हार लगी रहती है। इसलिए हार से भी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि पुरानी कमियों से सीख लेते हुए अगली बार और मजबूती के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में खेल आवश्यक है, क्योंकि खेल से भातृत्व का बोध व विकास होता है।

दोनों ने जताया आभार

इस मौके पर निक्की प्रधान व सलीमा टेटे ने विधानसभा अध्यक्ष समेत संपूर्ण राज्य के लोगों के प्रति आभार जताया। दोनों ने कहा कि आप सबों का स्नेह, सम्मान और प्रोत्साहन हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भविष्य में हम और बेहतर प्रदर्शन करेगा। ओलिंपिक में अपने देश के लिए खेलना हमारे लिए भी गौरव की बात है।