रांची : खेल गांव में सुबह नौ बजे डाला अनगड़ा प्रखंड की महिला दिहाड़ी मजदूरों को लेकर जा रहा डाला ऑटो पलट गया। जिसमें सवार एक महिला दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को रिम्स ले जाया गया, जहां इमरजेंसी विभाग में डाक्टरों की टीम ने इलाज किया। डाक्टरों ने बताया एक महिला मृत लाई गई थी जबकि पांच लोगों को चोट लगी है। घायलों में से अधिकतर के सिर पर चोट लगी है। मरने वाली महिला मजदूर का नाम जगन देवी (45 वर्ष) है जिसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पांच घायलों में पुर्नी देवी (41 वर्ष), जितन देवी (40 वर्ष), लालो कुमारी (35 वर्ष), निरसू देवी (25 वर्ष) और शोहबाई (45 वर्ष) के नाम शामिल हैं।

मजदूरी के लिए आ रहे थे रांची

सभी महिला मजदूर दिहाड़ी की तलाश में अनगड़ा प्रखंड के तुरुप गांव से रांची के लालपुर चौक ऑटो में सवार होकर आ रहे थे। खेल गांव के मेन गेट के सामने टर्निंग लेते वक्त ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और टेम्पो पलट गई। सभी घायल अवस्था में सड़क पर ही पड़े रहे। इस बीच ऑटो चालक वहां से भाग खड़ा हुआ और सभी घायल मदद के लिए तड़पते रहें। इसी बीच एक घायल महिला ने अपने घर फोन करके परिजन को बुलाया जिसने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंच पुलिस घायलों को रिम्स ले गई। लेकिन इस बीच घायलों को वहां से ले जाने के लिए कोई एंबुलेंस नहीं पहुंच पाया था। एक घायल महिला के परिजन कामेश्वर महतो ने बताया कि जिस महिला की मौत हुई उसके पेट में ऑटो का एंगल घुस गया था।