RANCHI: झारखंड में कोरोना को लेकर बरती जा रही सतर्कता के बीच 1,01,370 लोगों ने अपना क्वॉरेंटाइन पीरिएड पूरा कर लिया है। कोरोना से बचाव के लिए राज्य में 4,049 क्वॉरेंटाइन सेंटर कार्य कर रहे हैं, जिसमें 9,833 लोगों को क्वॉरेंटाइन किया जा रहा है। वहीं 95,983 लोग होम क्वॉरेंटाइन में रह रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अभी तक राज्य में 3060 लोगों का कोविड-19 टेस्ट लिया गया जिसमें से 28 पॉजिटिव पाए गये एवं 2592 लोगों का टेस्ट नेगेटिव आया, वहीं 440 लोगों के टेस्ट का रिजल्ट अभी प्रतीक्षा में है। पॉजिटिव पाए गए लोगों मे 9 बोकारो, 2 हज़ारीबाग़, 1 गिरिडीह, 1 कोडरमा, 1 सिमडेगा और 14 रांची के हैं।

53 लाख को खाना खिलाया

कोविड-19 के संक्त्रमण से बचने हेतु जारी लॉक डाउन के दौरान राज्य सरकार द्वारा लोगों की सहायता के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा लोगों तक विभिन्न योजनाओं के तहत राशन एवं खाना पहुंचने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा प्राप्त आंकड़ो के अनुसार अब तक 1,61,622 लोगों तक अनाज पहुंचा दिया गया है। वहीं नन पीडीएस के तहत 1,93,801 लोगों को अनाज उपलब्ध करा दिया गया है। दाल भात के विभिन्न योजनाओं में अब तक 53,42,836 लोगों को खाना खिलाया जा चुका है। एनजीओ एवं वोलेंटियर के 856 टीम द्वारा 23,88,428 लोगों को खाना खिलाया जा चुका है। सरकार द्वरा चलाये जा रहे विभिन्न राहत कैम्पों में 1,58,298 प्रवासी मजदूरों को खाना खिलाया जा रहा है। साथ ही आकस्मिक राहत पैकेट का वितरण भी जरूरतमंदों के बीच किया जा रहा है। अबतक 42,326 लोगों तक विशेष राहत सामग्री के पैकेट पहुंचाए गए हैं।

4.34 लाख मजदूरों के लिए व्यवस्था

राज्य सरकार द्वारा राज्य के बाहर अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में फंसे झारखंडवासियों के लिए भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है । राज्य सरकार ने श्रम विभाग में हेल्पलाइन भी चालू कराया है। अभी तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 11,828 जगाहों पर 5,82,481 प्रवासी मजदूरों के फंसे होने की जानकारी मिली है। अब तक सरकार द्वरा 9,018 जगहों पर फंसे 4,34,804 मजदूरों के खाने एवं रहने की व्यवस्था की गयी है। सभी लोगों के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उन तक हर स्तर से मदद पहुंचाई जा सके।

दस हजार शिकायतों का समाधान

राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण केंद्र में कोविड -19 से संबंधित किसी भी तरह की सहायता हेतु टॉल फ्री नम्बर 181 पर सम्पर्क किया जा रहा है। नियंत्रण केंद्र में कोविड -19 से संबंधित अब तक कुल 15,327 मामले आये, जिनमें से 10,121 मामलों पर सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। शेष बचे मामलों पर हर संभव कार्रवाई की जा रही है। नियंत्रण केंद्र में खाद्य आपूर्ति से संबंधित 6,991 विधि व्यवस्था से संबंधित 743, चिकित्सा से संबंधित 786, झारखंड में फंसे व्यक्ति से संबंधित 768 एवं अन्य 833 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।