- राज्य भर में 5041 संक्रमितों की पहचान, 62 ने तोड़ा दम

- 2331 हुए रिकवर, रांची में 872 ने दी कोरोना को मात

रांची में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को भी 1361 नए संक्रमितों की पहचान हुई। वहीं 22 लोगों की मौत भी हो गई। दूसरी ओर राज्य भर में बुधवार को 5041 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। प्रदेश के 15 जिलों में 62 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया। इस बीच 2331 लोगों के स्वस्थ होने की भी खबर है। रांची में सबसे ज्यादा 872 लोगों ने कोरोना को मात दी।

रांची में सबसे ज्यादा एक्टिव

एक्टिव केसेज के मामले में रांची अब भी पहले पायदान पर है। यहां 12829 एक्टिव केसेज बचे हैं। इसके अलावा दूसरे नंबर पर जमशेदपुर है, जहां पांच हजार से ज्यादा एक्टिव केसेज हैं। पूरे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 35826 हो गई है। जमशेदपुर में बुधवार को 718 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि यहां 11 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई।

स्पेशल ब्रांच के डीएसपी की मौत

इधर, रांची के नामकुम क्षेत्र के स्पेशल ब्रांच के डीएसपी रविकांत भूषण की कोरोना से मौत हो गई। डीएसपी रविकांत भूषण जमशेदपुर में पदस्थापित थे। वे फोर्थ बैच के डीएसपी थे। रविकांत भूषण पिछले तीन दिनों से नामकुम स्थित अपने घर पर आइसोलेट थे। इसी दौरान बुधवार को वे अपने घर पर ही अचानक गिर गए। आनन-फानन में परिजनों के द्वारा उन्हें सैमफोर्ड हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।