रांची: झारखंड में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए डीजीपी नीरज सिन्हा ने निर्देश जारी किया है कि थाने के मालखानों में रखे ऑक्सीजन सिलेंडरों का इस्तेमाल आम जनता के लिए हो। बता दें राज्य के विभिन्न थानों में करीब 250 सिलेंडर पड़े हुए हैं। ये सभी सिलेंडर पुलिस ने जब्त किए हैं। इनका अस्थायी रूप से इस्तेमाल होगा। डीजीपी ने इस संबंध में जिलों की कार्रवाई की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी पुलिस मुख्यालय के आईजी ऑपरेशन अमोल वी होमकर को दी है।

हाईकोर्ट ने दिया है आदेश

इससे पहले झारखंड हाई कोर्ट की तरफ से विशेष सुनवाई में जल्द से जल्द थानों के मालखानों में जब्त सिलेंडर को रिलीज करने का आदेश दिया गया था। माना जा रहा है कि हाई कोर्ट के इसी निर्देश के आलोक में डीजीपी ने यह कदम उठाया है। जारी आदेश के मुताबिक, जिला प्रशासन को पीटिशन लिखवाकर और इसकी जानकारी जिलों की निचली अदालतों को दिलवानी होगी। इसके बाद संबंधित जिले को सिलेंडर का जिम्मानामा दिया जाएगा। कोविड में इस्तेमाल हो जाने के बाद जिला प्रशासन को वापस सारे सिलेंडर थाना के मालखाने में जमा कराने होंगे।

जमशेदपुर में पुलिस रेड, 15 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद

जमशेदपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी जोरों पर है। 7 हजार का ऑक्सीजन सिलेंडर 60 हजार में बिक रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर एडीएम ने गोलमुरी और बर्मामाइंस में छापेमारी कर 15 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किया है। बताया जा रहा है कि विभागीय अधिकारी के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। स्थानीय लोगों को कहना है जुगसलाई में भी ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी जोरों पर है।