रांची(ब्यूरो)। सिटी में अब जितने भी पार्क और स्टेडियम हैं, उसकी देखरेख और संचालन की जिम्मेवारी आधी आबादी यानी महिलाओं के जिम्मे होगी। रांची नगर निगम ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसके अनुसार शहर में सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़कर काम कर रही महिलाओं को उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए रांची नगर निगम उनको अपने साथ जोडऩे जा रहा है। इसकी शुरुआत शहर के पार्क और स्टेडियम की जिम्मेवारी देकर की जा रही है। पहले चरण में इन महिलाओं को जयपाल सिंह स्टेडियम और सेक्टर 12 पार्क हरमू की देखरेख और संचालन करने का काम दिया जाएगा, इसके बाद आने वाले दिनों में शहर के दूसरे और भी जितने पार्क हैं उनके संचालक की जिम्मेदारी भी महिलाओं के ग्रुप को दी जाएगी।

महिलाओं का होगा इंटरव्यू

रांची नगर निगम द्वारा जिन महिलाओं को पार्क संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी, उनका सेलेक्शन पहले किया जाएगा। पार्क और मैदान की देखरेख का जिम्मा सौंपे जाने को लेकर रांची नगर निगम ने शहर की सभी एसएचजी महिलाओं को आवेदन करने को कहा है। आवेदन करने के बाद ग्रुप के कागजात उनका अकाउंट का डिटेल्स आदि की जांच की जाएगी। यह देखा जाएगा कि कौन सा एसएचजी ग्रुप का बैलेंस कैसा है, पिछले 3 साल में एसएचजी ग्रुप ने क्या-क्या काम किया है। सोशल क्षेत्र में क्या काम किया है और स्वावलंबन के लिए इस ग्रुप ने क्या काम किया है, इसके बाद अध्यक्ष सचिव और कोषाध्यक्ष का इंटरव्यू लिया जाएगा। इसमें सफल होने वाले एसएचजी ग्रुप की महिलाओं को जयपाल सिंह स्टेडियम और हरमू पार्क की देखरेख की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।

जागरूकता अभियान चला रहीं

रांची में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं द्वारा पहले से ही लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। वर्तमान में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं द्वारा शहर में डोर टू डोर अभियान चला कर लोगों को गिला और सूखा कचरा के लिए जागरूक करवाया जा रहा है। इन महिलाओं के ग्रुप द्वारा अलग-अलग वार्ड और इलाके में जाकर लोगों के घरों में जागरूक किया जा रहा है कि रांची नगर निगम द्वारा जो गीला और सूखा कचरा को अलग करने का आदेश दिया गया है, उसी के अनुसार हर दिन होने वाले कचरे का निष्पादन गीला और सूखा कचरा में अलग करें।

आश्रय गृह का संचालन

वर्तमान में सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा दो आश्रय गृह का संचालन भी किया जा रहा है। रिम्स और धुर्वा बस स्टैंड स्थित आश्रय गृह का संचालन महिला ग्रुप द्वारा किया जा रहा है, जहां बेहतर तरीके से आप आश्रय गृह की साफ सफाई और वहां रहने वाले लोगों को सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहां रहने वाले लोगों को किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए महिलाओं को ट्रेंड भी किया गया है।

इंसेंटिव में मिलेगा पैसा

रांची नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए रांची नगर निगम काम शुरू कर रहा है। जिसके तहत महिलाओं को पार्क और मैदान की साफ-सफाई देखरेख और संचालन करने की जिम्मेदारी दी जा रही है। शहर के पार्क और स्टेडियम में प्रवेश करने के लिए लोगों से इस महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा शुल्क वसूला जाएगा और यह राशि रांची नगर निगम में जमा कर दी जाएगी। इसके बदले में रांची नगर निगम द्वारा राशि का एक हिस्सा इंसेंटिव के रूप में इन महिलाओं को दिया जाएगा।

फ्री एंट्री होगी बंद

निजी एजेंसी के हाथों स्टेडियम सौंपे जाने के बाद आमलोगों को स्टेडियम के अंदर आने पर शुल्क का भुगतान करना होगा। अभी इन पार्क में एंट्री करने के लिए लोगों को पैसा नहीं देना पड़ता है। वहीं, अगर कोई संस्था या कंपनी यहां किसी प्रकार के खेलकूद का आयोजन करती है, तो उसे भी निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। नगर निगम द्वारा महीनों से बंद पड़े हरमू सेक्टर छह पार्क, हरमू सेक्टर 12 पार्क व करमटोली तालाब पार्क को भी आम लोगों के लिए खोला जाएगा।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पार्क और स्टेडियम के संचालन की जिम्मेदारी सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को देने की तैयारी की जा रही है। इसका मकसद है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया जाए, पहले से ही रांची नगर निगम में महिलाओं को जोड़ा गया है।

-अमित कुमार, प्रशासक, रांची नगर निगम