RANCHI: रांची में लगातार दो दिनों से बारिश हो रही है। इस वजह से सिटी के कई इलाकों में वाटर लॉगिंग हो गई है। करोड़ों खर्च कर बनाए गए नाले की हकीकत सामने आ गई। हरमू के जमुना नगर इलाके में कई घरों में पानी घुस जा रहा है। और घर से निकलते ही चारों तरफ सड़क पर सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा हैं। अब हालात यह है कि जैसे ही बारिश शुरू हो रही है तो लोगों की नींद उड़ जा रही है। वहीं हरमू और लोअर व‌र्द्धमान कंपाउंड में तो लोग जागकर रात गुजार रहे हैं कि कहीं उनके घर में पानी आ गया तो क्या करेंगे।

निगम नहीं कर रहा समाधान

जब-जब सिटी में तेज बारिश होती है तो ऐसी तस्वीर देखने को मिलती हैं। लेकिन नगर निगम इससे कोई सबक लेने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोगों की मानें तो रात में जब घरों में पानी घुसता है तो डर भी लगता है। कई दिनों तक यह पानी जमा रह जाता है। घरों के सारे सामान पानी में डूब जाते हैं। अब इस चक्कर में बीमारी होने का खतरा भी बढ़ जाता है।

मेयर ने पहले भी दिया था आदेश

बारिश के बाद पहले भी कई इलाके डूब गए थे। इसके बाद मेयर आशा लकड़ा ने नगर निगम के अधिकारियों को आदेश दिया था कि उस इलाके में जलजमाव को दूर करने की योजना बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा था कि जल जमाव की समस्या हमेशा से रही है क्योंकि लोगों ने घर बना लिया लेकिन नाले के लिए जगह नहीं छोड़ते हैं। इस वजह से नाले का निर्माण कराने में काफी मुश्किल होती है।

क्या कहते हैं लोग

नगर निगम को इसके लिए स्थाई समाधान करना होगा। नहीं तो सिटी में जब भी तेज बारिश होगी तो ऐसा ही नजारा रहेगा। इसलिए पानी की निकासी के लिए व्यवस्था कराई जाए तो इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। अभी अपने ही घरों में लोग डरे रहते हैं।

-राकेश सिंह

निगम करोड़ों रुपए नाले के निर्माण में खर्च कर देता है। लेकिन पानी की प्रॉपर निकासी के इंतजाम नहीं किए जाते। अगर पानी निकालने की व्यवस्था सही तरीके से कर दी जाए तो जल जमाव ही नहीं होगा। वहीं लोगों के घरों में भी पानी नहीं जाएगा। कभी कभी पानी जाए तो बात है। लेकिन यहां तो हमेशा की स्थिति यही हो गई है।

-मंजीत कुमार