रांची(ब्यूरो)। रांची जिले के चार रजिस्ट्री कार्यालयों में 11, 539 डीड की प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की गई है। इसमें लोगों ने फ्लैट और प्लॉट की रजिस्ट्री कराई है। यह आंकड़ा राज्य सरकर के निबंधन विभाग से प्राप्त हुआ है। राज्य भर में जमीन की खरीद बिक्री से सरकार को कुल 397.79 करोड़ रुपए का राजस्व भी प्राप्त हुआ है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में राज्य भर के निबंधन कार्यालयों में जमीन की खरीद बिक्री से संबंधित 57,312 दस्तावेज रजिस्टर्ड किए गए हैं।

रांची सबसे आगे

सरकार को सबसे अधिक राजस्व रांची में जमीन की खरीद बिक्री से मिला है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पहली छमाही में जमीन की खरीद बिक्री से संबंधित सबसे ज्यादा दस्तावेज रांची में रजिस्टर्ड किए गए हैं। कचहरी स्थित मेन रजिस्ट्री कार्यालय में छह महीने में 4892 सेल डीड की रजिस्ट्री हुई, जिससे सरकार को 91.33 करोड़ राजस्व मिला। वहीं रांची अर्बन -तीन में 1477 दस्तावेज निबंधित किए गए, जिससे सरकार को 24.71 करोड़ रुपए की आमदनी हुई। रांची रूरल में जमीन खरीद बिक्री के 4016 दस्तावेज निबंधित किए गए, जिससे सरकार को 15. 5 करोड़ रुपए मिले। वहीं, रांची अर्बन-दो में 1154 दस्तावेजों के निबंधन से 10.44 करोड़ रुपए सरकार को राजस्व के रूप में प्राप्त हुए हैं।

दूसरे नंबर पर जमशेदपुर

रांची के बाद जमीन की खरीद बिक्री सबसे अधिक जमशेदपुर में हुई है, यहां जमीन की खरीद बिक्री से सरकार को 42.13 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। जमीन की खरीद बिक्री मामले में धनबाद तीसरे नंबर पर रहा है, इस जिले में हुई जमीन की खरीद बिक्री से सरकार को 31.9 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है।

सितंबर में ज्यादा रजिस्ट्री

सबसे अधिक दस्तावेजों की रजिस्ट्री सितंबर महीने में हुई है। आंकड़ों के अनुसार, पहले छह छमाही में राज्य भर में जमीन की खरीद बिक्री के निबंधित 57,312 दस्तावेज की रजिस्ट्री हुई है। इसमें से 11,677 दस्तावेज सितंबर महीने में रजिस्टर्ड किए गए हैं। सितंबर में हुई जमीन की खरीद बिक्री से सरकार को 71.64 करोड रुपए के राजस्व की प्राप्ति हुई है। अप्रैल से अक्टूबर छह महीने में सबसे अधिक रजिस्ट्री सितंबर महीने में ही हुई है। मार्च महीने से लेकर जून तीन महीने तक लॉकडाउन के कारण सब कुछ बंद रहा था। हलांकि, रजिस्ट्री कार्यालय खुले हुए थे, लेकिन जून महीने के बाद लोगों ने प्रोपर्टी में जमकर निवेश किया है।

राज्य में कुल 57,312 रजिस्ट्री

रांची जिले के चारों रजिस्ट्री कार्यालयों में कुल 11 हजार 539 सेल डीड निबंधित किये गये हैं। इससे सरकार को 140 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला है। छह महीने में सबसे अधिक राजस्व देने वाले रजिस्ट्री कार्यालयों में रांची, जमशेदपुर, धनबाद के नाम शामिल हैं। जमशेदपुर में 2925 सेल डीड की रजिस्ट्री से 42.13 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है।