रांची: पीएलएफआई संगठन एक बार फिर राजधानी में अपना हथियार सप्लाई नेटवर्क मजबूत कर रहा है। हाल के दिनों में पुलिस ने संगठन के कई उग्रवादियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जिसके बाद सुप्रीमो दिनेश गोप के इशारे पर संगठन को फिर से मजबूत किया जा रहा है। यह खुलासा रविवार को पुलिस के हत्थे चढ़ने वाले उग्रवादियों में एक कंचना ने किया है। उसने पुलिस को बताया कि गिरोह के लोगों को आ‌र्म्स डीलिंग नेटवर्क मजबूत करने को कहा गया है।

पुनई उरांव के इशारे पर वसूलता था लेवी

गिरफ्तार हुए पीएलएफआई के उग्रवादी दो लाख के ईनामी उग्रवादी पुनई उरांव के इशारे पर रांची के कारोबारियों से लेवी वसूलने का काम करते थे। पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र के केतारीबागान घाट रोड से एक मकान से दो उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार उग्रवादी विनय तिग्गा और कंचना पाहन की निशानदेही पर पुलिस ने पंडरा ओपी क्षेत्र से एक और उग्रवादी सन्नी कच्छप को हथियार के साथ गिरफ्तार किया।

बदलते रहते थे ठिकाना

गिरफ्तार किये गये उग्रवादी कुछ समय के अंतराल पर अपना ठिकाना बदलते रहते थे। इन सभी उग्रवादियों की गिरफ्तारी उस समय हुई जब ये किराये का मकान ढूंढ रहे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली और इसी सूचना के आधार पर सभी उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सोमवार को भी तीन उग्रवादी धराए

पुलिस सूत्रों की मानें, तो सोमवार को भी तीन उग्रवादी पुलिस गिरफ्त में आए हैं, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इनके पास से भी हथियार और गोलियां बरामद हुई हैं। इन उग्रवादियों से इनके द्वारा अंजाम दिए गए कांडों के सम्बन्ध में जानकारियां ली जा रही हैं।

पिछले सप्ताह भी पुलिस ने पकड़ा था जखीरा

नक्सलियों के खिलाफ पूरे राज्य भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पिछले सप्ताह राज्य पुलिस को बड़ी सफलता मिली। रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा और खूंटी एसपी आशुतोष शेखर के निर्देश पर बुंडू डीएसपी अजय कुमार, सरायकेला एएसपी पुरुषोत्तम शर्मा और तोरपा के डीएसपी ओम प्रकाश तिवारी के द्वारा संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के जरागोडा स्थित बड़ा पहाड़ के पास जमीन के अंदर छुपा कर रखे भारी संख्या में गोली और विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस के द्वारा 247 पीस जिंदा गोली, 3 हैंड ग्रेनेड, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और एक केन बम बरामद किया गया था।