रांची: रांची में रात आठ बजे के बाद दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। लेकिन विडंबना यह कि रात आठ बजे के बाद दुकानों के साथ-साथ सिटी के ट्रैफिक पोस्ट पर भी ताले लटकने लगे हैं। रात नौ बजते ही सिटी के सभी ट्रैफिक पोस्ट वीरान नजर आने लगे हैं। पैदल चलने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी हुई तो उन्हें देखने वाला भी कोई नहीं होगा। रात आठ बजे के बाद शहर की सिर्फ दुकानों को बंद रखने के लिए कहा गया है। जबकि ट्रांसपोर्टेशन में किसी तरह की रोक-टोक नहीं है। इसके बावजूद शहर के ट्रैफिक पोस्ट पर पुलिस का ना होना समझ से परे है। हालांकि कुछ इलाकों में पीसीआर वैन तो होती है। लेकिन वह भी कुछ स्थानों पर एक्टिव नजर आती है। डीजे आईनेक्स्ट ने कुछ ट्रैफिक पोस्ट का रियलिटी चेक किया। किसी भी पोस्ट पर पुलिस तैनात नहीं दिखी।

स्पॉट: लालपुर चौक

टाइम: रात 8:50 बजे

लालपुर चौक के समीप बने ट्रैफिक पोस्ट पर एक भी पुलिस कर्मी मौजूद नहीं है। पोस्ट के पीछ ही पेट्रोल पंप है जहां लोग आते-जाते नजर आ रहे हैं। रात में कई लोग ऑफिस से घर लौट रहे हैं। पुलिस के तैनात रहने से खुद को सुरिक्षत महसूस करते हैं।

स्पॉट: जेल मोड़

टाइम: रात 9:10 बजे

जेल मोड़ के समीप बने ट्रैफिक पुलिस पोस्ट पर तो ताला लटक रहा है। यहां एक पुलिस कर्मी भी मौजूद नहीं है, जबकि पैदल और गाड़ी से चलने वाले लोगों का आना-जाना हो रहा है। पोस्ट के पीछे ही कुछ लोग ड्रिंक भी कर रहे हैं।

स्पॉट: पिस्का मोड़

टाइम: रात 9:30 बजे

पिस्का मोड़ स्थित ट्रैफिक पोस्ट की हालत भी वैसी ही है। यहां भी पोस्ट पर ताला लगा कर पुलिस वाले अपने बैरक में लौट चुके हैं। वहीं, रात 9:30 बजें बाइक और ऑटो में टक्कर से शोरगुल मचा हुआ है।