रांची(ब्यूरो)। आप कैसा शहर चाहते हैं, कैसे शहर में रहना चाहते हैं और इस शहर में क्या-क्या सुविधाएं होनी चाहिए, इस बारे में आप खुद सरकार को बता सकते हैैं। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय सिटीजन परसेप्शन सर्वे करा रहा है, जिसमें आम लोगों से शहर के बारे में राय मांगी गई है। हालांकि, रांची के लोग राय देने में भी काफी पीछे हैैं। अभी तक मात्र 900 लोगों ने ही फीडबैक दिया है। वजह यह है कि काफी कम लोगों को इस बारे में जानकारी है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से देश के 111 शहरों के लोगों से उस शहर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसे लेकर सिटीजन परसेप्शन सर्वे किया जा रहा है। इसमें उस शहर में रहनेवाले लोगों से वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा, बिजली, यातायात, सफाई कैसी होगी इसके बारे में फीडबैक देना है।

पता करेंगे लोगों का मिजाज

सरकार लोगों की नब्ज टटोल कर शहर की पूरी जनसंख्या का मिजाज जानकर विकास की रूपरेखा तय करेगी। इससे आम लोगों का जीवन सरल और गुणवत्तापूर्ण होगा। सर्वे में शिक्षा, मनोरंजन, यातायात, बिजली, प्रदूषण, स्वच्छता, चिकित्सा, रोजगार के अवसर पेयजल आदि से संबंधित प्रश्न होंगे। मौजूदा सुविधाओं से सम्बन्धित प्रश्नों को 1 से 5 तक के अंकों को देकर मूल्यांकन करना है। एक विकल्प कोई राय नहीं का भी है। इसके अलावा अन्य प्रश्न भी हैं।

शहर के विकास को बढ़ाने में मिलेगी मदद

रांची नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के लोगों को फीडबैक देकर बताना है कि वह कैसा शहर चाहते हैं। उन लोगों के फीडबैक के आधार पर शहर के डेवलपमेंट का प्लान बनाया जाएगा। शहर की सुरक्षा को लेकर प्लानिंग की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या-क्या जरूरी है, यह भी तय किया जाएगा। साफ-सफाई की प्लानिंग भी बेहतर तरीके से बनाने में मदद मिलेगी।

इनपर देनी है राय

1. स्वास्थ्य व्यवस्था

2. शिक्षा

3. बिजली

4. ट्रैफिक

5. सफाई

देने हैैं 17 सवालों के जवाब

- रांची शहर की हवा की शुद्धता कैसी है

- शहर की साफ सफाई से आप कितने संतुष्ट हैं

- आस-पड़ोस से कूड़ा उठाने की व्यवस्था कितनी अच्छी है

- शहर में पीने के पानी की स्थिति क्या है

- शहर में जलभराव की समस्या कैसी है

- शहर में यात्रा करना कितना सुरक्षित है

- शहर में यात्रा कितनी किफायती है

- शहर में रहने के लिए सुरक्षा कैसी है

- आपातकालीन सेवाओं की क्षमता कैसी है

- महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगह पर सुरक्षा कैसी है

- मनोरंजन की शहर में क्या सुविधाएं हैं

- शहर में एटीएम की क्या सुविधा है

- शहर में बिजली की व्यवस्था कैसी है

- शिक्षा की क्या व्यवस्था है

- शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की क्या व्यवस्था है

- शहर में रहना कितना सुगम है

रांची शहर में ईज ऑफ लिविंग की कैसी व्यवस्था है, इसको लेकर एक परसेप्शन सर्वे किया जा रहा है। इसमें लोगों को शहर के बारे में अपना फीडबैक देना है। लोगों के फीडबैक के आधार पर ही शहरों का आकलन किया जाना है।

-कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त रांची नगर निगम