रांची (ब्यूरो) । झारखंड स्थापना दिवस सह बिरसा मुंडा जंयती के अवसर पर 15 नवंबर 2023 को झारखंड के अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के जन्म स्थली उलिहातु में भगवान बिरसा मुंडा के परिजनों से मिलने के निमित्त भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर, झारखंड के अमर शहीदों,भगवान बिरसा मुंडा, अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव,अमर शहीद पीताम्बर निलाम्बर,अमर शहीद तैलंग खड़िया,अमर शहीद मुंडल सिंह,अमर शहीद बख्तर साय,अमर शहीद जग्गू दिवान,अमर शहीद सिद्धो कान्हु,अमर शहीद बुद्धु भगत,अमर शहीद सरदार गया मुंडा, स्वतंत्रता सेनानी जतरा टाना भगत अमर शहीद पांडे गणपत राय,अमर शहीद शेख भिखारी,अमर शहीद टिकैत उमराव सिंह एवं अन्य अमर शहीदों के परिजनों की ओर से, ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के परिजन ठाकुर प्रवीर नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में अमर शहीदों के परिजनों का एक प्रतिनिधिमंडल अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के परिजन सुखराम मुंडा से मिला।
हर्ष व्यक्त किया
मौके पर बैठक कर प्रधानमंत्री के आगमन के लिए और शहीद परिवार से बातचीत को लेकर हर्ष व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री का उलिहातु आगमन और भगवान बिरसा मुंडा के परिजनों से मिलना झारखंड के सभी अमर शहीदों को सम्मान देना है, शहीद के परिजनों ने बिरसा मुंडा के परिजन सुखराम मुंडा से अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री से झारखंड के सभी अमर शहीदों के परिजनों के दुख और कष्टों को दूर करने के लिए कारगर उपाय करने का अनुरोध करेंगे।
कल्याण का अनुरोध
सुखराम मुंडा और उनके परिवार ने कहा कि आवश्यक रुप से शहीद परिजनों का कल्याण का अनुरोध किया जाएगा। प्रधानमंत्री अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के परिजनों सुखराम मुंडा, बुधराम मुंडा और जंगल मुंडा से उलिहातु में बात चीत करेंगे। प्रधानमंत्री के उलिहातु आगमन से झारखंड के अमर शहीदों को उचित सम्मान मिलेगा। प्रतिनिधि मंडल में ठाकुर प्रवीर नाथ शाहदेव, कोमल खेरवार, महेन्द्र सिंह, प्रमुख थे। वहीं प्रतिनिधि मंडल का भगवान बिरसा मुंडा के परिवार ने हर्षपूर्वक स्वागत किया।