रांची: अगर आप भी रांची नगर निगम में जाने में असमर्थ हैं और अपनी समस्याएं अधिकारियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। चूंकि रांची नगर निगम में लोगों की सुविधा के लिए नया कॉल सेंटर बनाया गया है। जहां सुबह से लेकर रात तक आपकी समस्याएं सुनी जाएंगी। वही तत्काल आपकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग मेयर-डिप्टी मेयर करेंगे। वहीं समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी की जाएगी।

कोरोना की वजह से एंट्री बंद

मार्च में कोरोना की दस्तक के बाद से लोगों को नगर निगम में आने पर रोक लगा दी गई थी। केवल जरूरी काम के लिए आए लोगों को ही एंट्री दी जा रही थी। इसके बाद जब आफिस में एंट्री शुरू हुई तो जरूरी काम वालों को ही परमिशन मिली। इसके बाद कई लोग समस्याएं लेकर पहुंच रहे थे जिन्हें बाहर से ही लौटा दिया जा रहा था। अब कॉल सेंटर की मदद से वे लोग अपनी समस्याएं बता सकेंगे, जिसका हर दिन रिकॉर्ड मेंटेन किया जाएगा। ऐसे में लोगों को नगर निगम आने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी और उनकी कंप्लेंट भी रजिस्टर हो जाएगी।

मेयर-डिप्टी मेयर रखेंगे नजर

लोगों द्वारा की गई कंप्लेन और समस्याओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग मेयर और डिप्टी मेयर खुद करेंगे, जिसमें विभागों से जुड़ी समस्याएं रिकार्ड की जाएंगी। वही हर किसी की समस्या का समाधान नहीं किया जाता है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा कि आखिर उनका काम अब तक पेंडिंग क्यों है। इसके अलावा कंप्लेंट करने वालों से फीडबैक भी लिया जाएगा कि उनका काम हुआ या नहीं, जिसके आधार पर उनकी कंप्लेन को दोबारा से रिओपन कर संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा।

सुबह 6 से रात 10 तक सर्विस

रांची नगर निगम में पहले से ही कई हेल्पलाइन नंबर्स काम कर रहे हैं, लेकिन यह कॉल सेंटर पूरी तरह से पब्लिक से जुड़ी समस्याओं के लिए होगा। इसमें लोग नगर निगम में होने वाले काम से जुड़ी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने के लिए अपना नाम और पता भी देना होगा। इसके अलावा अपना कांटैक्ट नंबर भी दर्ज कराना होगा। कॉल सेंटर का लैंडलाइन नंबर 0651-2200011 है। सुबह 6:00 बजे से लेकर रात को 10:00 बजे तक काम करेगा। ऐसे में सुबह के बाद से आप किसी भी समय कॉल कर अपनी कंप्लेन बता सकते हैं।