रांची: रांची नगर निगम सिटी में अब सिर्फ साफ-सफाई तक ही सीमित नहीं रहने वाला है। बल्कि आम लोगों की जरूरतों को देखते हुए अब फायर सर्विस, म्यूनिसिपल स्कूल व हॉस्पिटल की सर्विस भी देने वाला है। इस संबंध में मेयर आशा लकड़ा ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के बजट में इन सर्विसेज को भी शामिल किया जाए।

बजट पर चर्चा के लिए होगी बैठक

साथ ही रांची नगर निगम के बजट पर चर्चा के लिए 19 मार्च को स्थायी समिति व 25 मार्च को नगर निगम परिषद की बैठक कराने का निर्देश दिया है। मेयर ने बताया कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 की धारा-70 के तहत रांची नगर निगम वित्तीय वर्ष 2021-22 में तीन महत्वपूर्ण कार्य करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट में इन तीन सेवाओं (अग्निशमन, शिक्षा व चिकित्सा) को शामिल करने का निर्देश दिया गया है।

अनुमानित लागत का बनाएं प्रस्ताव

उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि अग्निशमन सेवाओं के लिए अग्निशमन केंद्र व चार दमकल वाहनों की अनुमानित लागत राशि, स्वास्थ्य सेवाओं के तहत निगम अस्पताल व डिस्पेंसरी सेवाओं को चालू करने के लिए चिकित्सक, नर्स व दवाई की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अनुमानित राशि और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा के लिए निगम क्षेत्र में दो स्कूल, इन्फ्रास्ट्रक्चर व शिक्षकों की व्यवस्था के लिए अनुमानित लागत का प्रस्ताव तैयार कर वित्तीय वर्ष 2021-22 के रांची नगर निगम के बजट में शामिल करें।

प्राइमरी से क्लास 7 तक की पढ़ाई

इन दो स्कूलों में प्राइमरी से कक्षा-7तक की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी, ताकि एससी-एसटी, ओबीसी व सामान्य वर्ग के गरीब तबके के बच्चों को अच्छी व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करायी जा सके।

नगर निगम का है अपना अस्पताल भवन

उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य सेवा के लिए रांची नगर के पास अपना अस्पताल भवन है। चिकित्सकीय सेवा के तहत आम लोगों को इस भवन में सामान्य बीमारियों के इलाज व विशेषकर महिलाओं के प्रसव से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। अग्निशमन केंद्र, म्यूनिसिपल स्कूल व नगर निगम के अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।