रांची: रांची में व्यवसायियों का ट्रेड लाइसेंस बनाने और लाइसेंस रिन्यूवल नहीं होने के कारण काफी परेशानी हो रही थी। सोमवार को नगर निगम की टीम चैंबर भवन में ट्रेड लाइसेंस बनाने और रिन्युवल कराने के लिए पहुंची। लेकिन डॉक्यूमेंट कम होने के कारण 48 लोगों का लाइसेंस नहीं बन पाया। करीब 144 लोग ट्रेड लाइसेंस बनाने पहुंचे। लेकिन इनमें से 16 नए लोगों का ही लाइसेंस बन पाया, जबकि अधिकतर लोगों का रिन्युवल किया गया .मालूम हो कि लॉकडाउन के बाद से व्यवसायियों का ट्रेड लाइसेंस नहीं बन पा रहा था। ऊपर से नगर निगम उनसे फाइन भी वसूल रहा था। अब जब चैंबर भवन में ट्रेड लाइसेंस बनाने का कैंप लगाया गया तो इतने अधिक डॉक्यूमेंट रिक्वायर्ड कर दिए गए हैं कि लोग अपना लाइसेंस कैंप में भी नहीं बनवा पा रहे हैं। कैंप में 50-60 व्यापारियों ने लाइसेंस बनाने और रिनवल कराने के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ली। व्यापारी कैंप में लाइसेंस बनने कि क्त्रिया को पूरा करेंगे।

अपर बाजार में भी लगा कैंप

चैंबर के सीविक एमीनिटी (आरएमसी) उप समिति चेयरमैन अमित शर्मा ने जानकारी दी कि व्यापारियों की सुविधा के लिए 15 फरवरी को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चैंबर भवन के अलावा अपर बाजार स्थित, बकरी बाजार दुर्गा मंदिर के पास भी कैंप लगाकर लाइसेंस बनाया जा रहा है। चैंबर के महासचिव राहुल मारू ने कहा कि व्यापारी लाइसेंस लेना चाह रहे हैं, ले भी रहे हैं। पर निगम ने इसके लिए ज्यादा से ज्यादा दस्तावेजों की मांग की जा रही है, इससे व्यापारी परेशान हो रहे हैं। इसपर निगम को पुर्नविचार करने की आवश्यकता है।

कारोबार के लिए लाइसेंस लेना जरूरी

रांची नगर निगम क्षेत्र में किसी तरह का बिजनेस करने वाले दुकानदार से लेकर मल्टीनेशनल कंपनी तक को ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस के निगम क्षेत्र में बिजनेस करने वालों के खिलाफ निगम की इंफोर्समेंट टीम समय-समय पर अभियान चलाती है। ट्रेड लाइसेंस जिस कारोबारी के पास नहीं होगा, उन्हें जुर्माना भरना पड़ता है। रांची करीब 35000 व्यापारियों ने से ट्रेड लाइसेंस लिया। निगम में हर माह एक हजार से अधिक लोग ट्रेड लाइसेंस बनावाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करते हैं।

चैंबर भवन में कैंप लगाया गया है, लेकिन नगर निगम द्वारा जितने अधिक दस्तावेज की मांग की जा रही है वह व्यापारियों के पास नहीं है। ऐसे में उनको लाइसेंस बनाने में भी परेशानी हो रही है। नगर निगम को डॉक्यूमेंट को लेकर थोड़ी राहत देने की जरूरत है।

-राहुल मारू, सचिव, झारखंड चैंबर

क्या कहते हैं व्यवसायी

रांची नगर निगम में ट्रेड लाइसेंस रिन्युवल करने के लिए इतने अधिक डॉक्यूमेंट्स की जरूरत हो रही है कि हम लोग जमा नहीं करा पा रहे हैं। रांची में बहुत सारे व्यवसायी हैं जो किराए पर जगह लेकर बिजनेस कर रहे हैं लेकिन उनको इतना अधिक डॉक्यूमेंट मांगा जा रहा है कि वह अपना लाइसेंस रिन्युवल भी नहीं करा पा रहे हैं।

-अमित शर्मा, बिजनेसमैन

नगर निगम के कारण जिन लोगों का लाइसेंस नहीं बना और रिन्युवल नहीं हुआ है और उनसे फाइन वसूला गया है उसका एडजस्टमेंट निगम को करना चाहिए। क्योंकि व्यवसायी लाइसेंस बनाने के लिए निगम का चक्कर काटते रहे हैं और उनका लाइसेंस नहीं बना है। ऐसे में व्यापारियों को राहत मिलनी चाहिए।

प्रमोद शाश्वत, बिजनेसमैन

चैंबर भवन में ट्रेड लाइसेंस शिविर लगाया गया है, यह स्वागत योग्य है। लेकिन व्यवसायियों को कागज के मामले में थोड़ी राहत देने की जरूरत है। निगम अगर बहुत अधिक कागज मांगेगा और व्यवसायियों के पास उपलब्ध नहीं होगा तो उनका लाइसेंस नहीं बनेगा। ऐसे में उनके सामने नई परेशानी शुरू हो जाएगी।

परेश गट्टानी, बिजनेसमैन