RANCHI: राजधानी रांची में क्रिमनल अब क्राइम करके बच नहीं सकते। रांची पुलिस अपने इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी की मदद से क्रिमनल को सलाखों के पीछे भेजने में हर दिन नया कीर्तिमान बना रही है। वैसे क्राइम जो ब्लाइंड हैं, पुलिस अपने इंवेस्टिगेशन से उनका भी पर्दाफाश कर रही है। बीते कुछ महीने में कई ऐसे मामले आए हैं, जिनका पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। वहीं कई ऐसे भी मामले आए, जिन पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में ने सिर्फ क्रिमिनल का पता लगाया बल्कि उसे अरेस्ट भी करने में कामयाबी हासिल की।

क्राइम के बाद तुरंत एक्टिव

मामला अरगोड़ा का हो या चुटिया थाने का। पुलिस की त्वरित कार्रवाई हर जगह नजर आ रही है। चार दिन पहले अरगोड़ा थाना अंतर्गत बिजली ऑफिस के पास से कुछ अज्ञात अपराधियों ने जेवर व्यवसायी से सोना लूट लिया था। होली, शब-ए-बारात जैसे फेस्टिवल को शांतिपूवर्क संपन्न कराते हुए रांची पुलिस ने उन अपराधियों को भी दबोचने में कामयाबी हासिल की। इसमे संलिप्त सात लोगों को पुलिस ले गिरफ्तार भी किया। वहीं चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला करने वाले दो अपराधियों को महज 12 घंटे के अंदर पुलिस पकड़ने में सफल रही। हत्या, लूट, नशे के कारोबारियों से लेकर साइबर अपराध में संलिप्त अपराधियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। सिटी में एक महीने में घटी बड़ी घटनाओं में 80 परसेंट वारदात का खुलासा पुलिस कर चुकी है। इससे क्रिमिनल्स में भी भय पैदा हुआ है।

कई मामलों का हुआ खुलासा

शहर के हर थाना क्षेत्र से अपराध की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कभी लूटकांड तो कभी मर्डर की कम्प्लेन पुलिस डायरी में दर्ज किए जाते हैं। लेकिन पहले की अपेक्षा इन दिनों पुलिस अपनी सक्रियता और सुविधाओं का प्रयोग करते हुए अपराध में संलिप्त रहने वाले लोगों को गिरफ्तार कर रही है। रांची के चुटिया, अरगोड़ा, डोरंडा, सुखदेवनगर, रातू थाना समेत अन्य इलाकों में भी पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। सबसे ताजा उदाहरण अरगोड़ा थाना क्षेत्र का है जहां होली से पहले जेवर कारोबारी से बाइक सवार कुछ युवकों ने करीब आधा किलो सोना लूट लिया था। रांची पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और दो दिन में ही अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही। इसी तरह रातू थाने में भी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर एक स्नेचर को अरेस्ट किया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में इसी महीने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा से लेकर ब्राउन सुगर की बिक्री करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया।

मोबाइल व सीसीटीवी फुटेज से हेल्प

रांची पुलिस टेक्नोलॉजी का भी बखूबी इस्तेमाल कर रही है। बीते दिनों हुए कई खुलासों में मोबाइल फोन और सीसीटीवी फुटेज की भूमिका अहम रही। मोबाइल फोन कॉल डंप से लेकर लोकेशन टै्रक करने में पुलिस की मदद कर रहा है, तो वहीं सीसीटीवी में कैद फुटेज भी पुलिस को क्रिमिनल तक पहुंचाने में योगदान कर रहा है। शहर में लगभग छह सौ लोकेशन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आम पब्लिक भी अब काफी अवेयर हो चुकी है। वे भी अपने, मकान-दुकान के बाहर कैमरे लगवा रहे हैं। पुलिस को कैमरे के फुटेज से काफी मदद मिल रही है। अपराधियों तक पहुंचने में साइबर सेल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। टीम वर्क से ही पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल हो रही है।

क्रिमिनल एक्टिविटी पर पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। सभी थानों को सख्त आदेश है कि वे अपने एरिया में होने वाले क्राइम की घटनाओं पर नजर रखेंगे। यदि कोई मामला सामने आता है तो पुलिस पूरी तत्परता के साथ मामले के उद्भेदन में जुट जाती है। साथ ही क्राइम में संलिप्त लोगों को अरेस्ट करती है। यह टीम वर्क से ही संभव हो पाता है। आगे भी पुलिस की सक्रियता दिखेगी।

सुरेंद्र कुमार झा, एसएसपी, रांची