रांची (ब्यूरो)। राजधानी रांची में क्राइम कंट्रोल करने के लिए मोहल्ला पेट्रोलिंग की जाएगी। जी हां, सिटी में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। आए दिन क्रिमिनल एक्टिविटी को अंजाम दिया जा रहा है। कहीं फायरिंग कर राहगीर को लूटने का प्रयास हो रहा है तो कहीं महिलाओं को शिकार बनाया जा रहा है। बीते हफ्ते भर में एक बार फिर से अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। प्रदेश की राजधानी में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। दिनदहाड़े गोलीबारी की जा रही है। ऐसे में एसएसपी ने मोहल्ला पेट्रोलिंग कराने का निर्णय लिया है, जिसमें निजी गाड्र्स के साथ पुलिस समन्वय स्थापित करके काम करेगी।

सरेशाम युवक को मारी गोली

शनिवार देर शाम सदर थाना क्षेत्र स्थित चेशायर होम रोड में अपराधियों ने फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया। अपराध के बढ़ते ग्राफ से राजधानी की पुलिस परेशान है। स्थिति यह है कि अपराधी जब चाहें और जहां चाहें कांड को अंजाम दे रहे हैं। बढ़ते अपराध को कंट्रोल करने के लिए पुलिस लगातार बैठक कर रही है। फिर भी इस पर लगाम लगता नहीं दिख रहा है। हालांकि अपराधियों की गिरफ्तारी भी हो रही है, बावजूद इसके शहर अपराध मुक्त नहीं हो रहा है। एक दिन पहले ही पुलिस ने तत्परता के साथ हत्या की साजिश रच रहे अपराधी को बंदूक के साथ अरेस्ट किया था।

महिलाएं भी हो रहीं शिकार

अपराध की शिकार महिलाएं भी हो रही हैं। दो दिन में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं की हत्या का मामला सामने आया है। पहला मामला चुटिया थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां बीती रात महिला का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। हालांकि, इसे आत्महत्या बताया जा रहा है। लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। वहीं नगड़ी थाना क्षेत्र से भी एक महिला का शव बरामद हुआ।

महिलाएं भी कर रहीं क्राइम

वहीं, अपराध में महिलाओं की भी भूमिका देखी जा रही है। खासकर नशीले पदार्थों की तस्करी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। क्राइम में शामिल महिलाओं का खुलासा भी हुआ है। ब्राउन सुगर की तस्करी करती एक महिला गिरफ्तार हुई है। कुछ दिनों पहले भी एक महिला को मारवाड़ी कॉलेज के समीप नशीले पदार्थों की तस्करी करते पकड़ा गया था।

एसएसपी ने मोहल्ला पेट्रोलिंग का लिया निर्णय

बढ़ते अपराध को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी किशोर कौशल ने मोहल्ला पेट्रोलिंग का निर्णय लिया है। इस संबंध में सभी थानों को निर्देश देते हुए पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है। साथ ही पीसीआर और टाइगर मोबाइल की मदद से मोहल्लों में गश्ती बढ़ाई जाएगी। पुलिस लगातार हॉट स्पॉट को चिन्हित करने में जुटी है। सभी थाना प्रभारियों से उनके इलाके में स्थित ऐसे स्थानों की लिस्ट मांगी गई है। जहां बार-बार अपराध हो रहे हैं। वहीं आम नागरिकों से भी इस संबंध में फीडबैक लिया जा रहा है।

स्कूल-कॉलेज के पास ड्राइव

इधर, हाल में हुई वारदात और गिरफ्तार हुए अपराधियों से पुलिस को स्कूल कॉलेज के आसपास ब्राउन सुगर की सप्लाई होने की जानकारी मिली है। नशे के कारोबारी विद्यार्थियों को नशे का आदी बनाकर धंधा चला रहे हैं। इन विद्यार्थियों को नशा मुक्त करने के लिए रांची पुलिस स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी विचार कर रही है। चैंबर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर व्यवसायियों के यहां प्राइवेट गार्ड की मदद से क्राइम कंट्रोल करने का प्रयास किया जाएगा।

हाल में हुए कुछ अपराध

-30 अगस्त: सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस।

-28 अगस्त: चुटिया में एक महिला का शव उसके घर से बरामद हुआ, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।

-सदर थाना क्षेत्र स्थित चेशायर होम के समीप फायरिंग, जितेंद्र नामक कारोबारी की बांह में लगी गोली।

27 अगस्त: नगड़ी थाना क्षेत्र में कौशल्या देवी नामक महिला की हत्या। हत्या का आरोपित पति फरार।

26 अगस्त : बुंडू थाना क्षेत्र में गंझू मुंडा की हत्या। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश के कारण हत्याकांड को अंजाम दिया गया

23 अगस्त : अरगोड़ा निवासी मंटू स्वांसी की हत्या कर शव नदी में फेंका। मामूली बात पर मंटू की कर दी गई हत्या।

क्राइम कंट्रोल करने को लेकर पुलिस हर संभव कार्रवाई कर रही है। कई अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। मोहल्ला पेट्रोलिंग कर अपराध पर नियंत्रण किया जाएगा।

-किशोर कौशल, एसएसपी, रांची