रांची: लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने और फब्तियां कसने वाले मजनुओं के साथ रांची पुलिस अब सख्ती से पेश आएगी। छेड़छाड़ या दूसरी किसी भी तरह की शिकायत आने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी, और मजनुओं को सबक सिखाएगी। बता दें कि बीते कुछ दिनों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें पुलिस को लगातार मिल रही हैं, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है। कुछ दिन पहले ही चुटिया इलाके में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। शिकायत में युवती ने बताया कि रात में जब वह काम से घर लौटती है तो रास्ते में कुछ युवक उसे तंग करते हैं। कुछ दिनो से लगातार सड़क के होटल में खडे़ लोग उसे परेशान करते थे। परेशान होकर युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी, जिसके बाद पुलिस भी हरकत में आई और ऐसे सभी मामलों में मजनुओं को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है।

वर्किंग वूमेन से छेड़छाड़

छेड़छाड़ की घटना इन वर्किंग वूमेन के साथ ज्यादा हो रही है। दरअसल वर्किंग वूमेन अपना काम खत्म करके रात में जब घर लौटती हैं तो उन्हें छेड़छाड़ और फब्तियों का सामना करना पड़ता है। होटल और रेस्टोरेंट में काम करने वाली महिलाएं हर रोज इस तरह की परेशानियां झेल रही हैं। होटल में काम करने की वजह से अक्सर उन्हे रात में छुट्टी मिलती है। रात में अधिकतर सड़कें खाली और सुनसान हो जाती हैं। ऐसे में मजनुओं और सड़क छाप रोमियो को लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने का मौका मिल जाता है। ज्यादातर होटल स्टेशन रोड में होने के कारण चुटिया थाना क्षेत्र में इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। चुटिया डीएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है।

सीसीटीवी फुटेज देखेगी पुलिस

डीएसपी ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच का निर्देश दिया है। इन फुटेज की मदद से मजनुओं की पहचान की जाएगी और उसके साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुटिया के अलावा दूसरे थाना क्षेत्रों में भी लड़कियों के साथ होने वाली परेशानी को देखते हुए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। लॉकडाउन के बाद ग‌र्ल्स कॉलेज भी ओपन हो चुका है। ग‌र्ल्स कॉलेज के बाहर भी मजनुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। यहां भी पुलिस की नजर होगी। ग‌र्ल्स कॉलेज के बाहर पुलिस पट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा स्टडी जोन, मार्केट या फिर वैसे इलाके जहां ग‌र्ल्स और महिलाओं का ज्यादा आना-जाना रहता है, वहा भी पुलिस निगरानी रखेगी।

स्नेचिंग की भी बढ़ीं घटनाएं

सिर्फ छेड़छाड़ ही नहीं, बल्कि लड़कियों और महिलाओं के साथ लूटपाट और छिनतई की घटनाओं को भी अंजाम दिया जा रहा है। कॉलेज गोइंग ग‌र्ल्स के मोबाइल फोन पर अपराधियों की नजर रहती है। मौका मिलते ही फोन लूटकर फरार हो जाते हैं। सुनसान इलाकों में लड़कियों और महिलाओं पर नजर गड़ाए रखते हैं। मोबाइल फोन और चेन स्नेचिंग की वारदात को भी अंजाम देते हैं। कुछ अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आए भी हैं, लेकिन अब भी अधिकतर अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और अपने शिकार की तलाश में लगे हैं। मोरहाबादी ग्रांउड में मॉर्निग वाक के दौरान इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद मॉर्निग वाक के दौरान ग्राउंड में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है।