---रांची में 102 स्थानों पर चेकिंग में 327 लोग लॉकडाउन के उल्लंघन में पकड़ाए

--चेकिंग के दौरान बिना मास्क के आठ लोग भी पकड़े गए, वसूला गया चार हजार रुपये जुर्माना

रांची : स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के दौरान सख्ती के दूसरे दिन भी रांची पुलिस ने शहर में जोरदार तरीके से चेकिंग अभियान चलाया। रांची में सोमवार को कुल 102 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां लॉकडाउन के उल्लंघन करने के जुर्म में 327 लोग पकड़े गए, जिनसे पुलिस ने एक लाख, 63 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला। पुलिस ने चेकिंग के दौरान आठ लोगों को बिना मास्क के भी पकड़ा, जिनसे चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार रांची पुलिस ने सोमवार की चेकिंग के दौरान कुल एक लाख 67 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला है।

तीन पर एफआईआर

लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकियां भी दर्ज की है और दो आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। एक दिन पूर्व यानी रविवार को भी रांची पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में 392 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की थी। इस दरम्यान रांची पुलिस ने 1.96 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला था और एक मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।

16 मई से बढ़ी सख्ती

गौरतलब है कि 16 मई से पूरे राज्य में सख्ती के साथ लॉकडाउन लागू किया गया है। सभी जिलों के एसपी को अपने-अपने जिले में सरकार के गाइडलाइंस का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश मिला हुआ है। बिना ई-पास के सड़क पर निकलने वालों, प्रतिबंधित सेवाओं को गाइडलाइंस का उल्लंघन कर जारी रखने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त है। ऐसे लोगों पर जुर्माना से लेकर प्राथमिकी दर्ज करने, दुकान सील करने तक की कार्रवाई की जा रही है।