RANCHI:मीरजापुर के विंध्याचल में स्थित मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन करने गए रांची के 12 लोग नाव पलटने के कारण गंगा नदी में डूब गए। इनमें छह लोगों को गोताखोरों की मदद से निकाल लिया गया है, जबकि छह लोग लापता हैं। हादसे के शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के हैं, जिनका संबंध रांची के धुर्वा से ही है। नदी में लापता हुए लोगों की तलाश में गोताखोर जुटे हैं।

सोमवार को गए थे मिरजापुर

बताया जाता है कि रांची के धुर्वा बस स्टैंड के पास क्वार्टर नंबर 1579 में रहने वाले राजेश तिवारी और उनके साले सरायकेला के आदित्यपुर निवासी दीपक मिश्रा तथा राजेश की बहन सासाराम निवासी के परिवार के 12 लोग सोमवार को कार से मीरजापुर के लिए निकले थे। बुधवार को ¨वध्याचल धाम स्थित अखाड़ा घाट पर गंगा स्नान करने के बाद सभी लोग पूजा के लिए नाव पर सवार होकर मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी बीच नाव असंतुलित होकर पलट गई और इसपर सवार सभी 12 लोग डूबने लगे। नाविक व गोताखोरों की मदद से छह लोग बचा लिए गए, लेकिन अन्य छह लोग अब भी लापता हैं। इनकी तलाश में नाविक व गोताखोर लगे हुए हैं।

ये हुए हादसे के शिकार

हादसे के शिकार लोगों में रांची के धुर्वा निवासी भुवनेश्वर तिवारी के 35 वर्षीय बेटे राजेश तिवारी उनकी पत्नी खुशबू व तीन बेटियां और राजेश के साले दीपक मिश्रा, उनकी पत्नी व दो बच्चे तथा बिहार के सासाराम निवासी राजेश की 28 वर्षीय बहन गुडि़या, बहनोई विकास व उनका बच्चा शामिल हैं।

परिवार में छाया मातम

इधर, रांची में घटना की सूचना पाकर राजेश तिवारी के परिवार में मातम छाया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजेश के पिता भुवनेश्वर तिवारी रोते रोते बेहोश हो रहे हैं। वहीं राजेश की बूढ़ी मां के आंसू भी नहीं थम रहे हैं। अगल-बगल के लोग उन्हें ढाढस बंधा रहे हैं। वार्ड पार्षद वेदप्रकाश सिंह, कृष्ण मोहन सिंह समेत तमाम लोग उन्हें सांत्वना देने पहुंचे थे।

छह लोगों को बचा लिया गया

राजेश तिवारी मूल रूप से बिहार के सासाराम के रहने वाले हैं। उनके पिता भुवनेश्वर तिवारी रांची में ठेकेदारी करते हैं। वर्षो से उनका परिवार यहीं रहता है। हादसे के शिकार लोगों में राजेश (35), राजेश के बहनोई विकास (28), राजेश के साले दीपक (27), वाहन चालक (अज्ञात), राजेश की बेटी अल्का राज (09) व रितिका राज (07) को बचा लिया गया है। वहीं नाव में सवार सासाराम की रहने वाली राजेश तिवारी की बहन गुडि़या (28), राजेश तिवारी की पत्नी खुशबू (30), राजेश तिवारी के साले दीपक की पत्नी आदित्यपुर की रहने वाली अनीषा (26), सत्यम (05) सहित एक बच्चा (ढाई माह) व एक बच्ची (03 माह) डूब गए हैं।

बारिश व तेज हवा से हादसा

बुधवार दोपहर को सभी 12 लोग नाव पर सवार होकर गंगा स्नान करने के लिए दूसरे तट पर गए थे। वहां गंगा स्नान करने के बाद सभी लोग नाव से वापस लौटने लगे। इसी बीच बारिश के साथ ही तेज हवा चलने लगी। ऐसे में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर बैठे लोगों की चीख-पुकार सुन आसपास के नाविक व गोताखोर पहुंचे और डूब रहे छह लोगों को बचा लिया, लेकिन छह लोग तेज धार में बह गए। हादसे के वक्त नाव पर राजेश तिवारी के परिवार के लोगों के साथ ही नाविक व फोटोग्राफर समेत 14 लोग सवार थे।