रांची: रांची के बहुत सारे छात्र जो पुणे के कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं, उनके लिए गुड न्यूज है। अगस्त महीने से रांची से पुणे के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है। एयर एशिया की फ्लाइट सप्ताह में 4 दिन रांची से पुणे जाएगी। बता दें कि वर्तमान में जो छात्र या व्यक्ति पुणे जाना चाहते हैं उनको पहले रांची से बेंगलुरु या दिल्ली, मुंबई जाना होता है उसके बाद पुणे के लिए दूसरी या कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी होती है। लेकिन अब रांची से पुणे के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने से लोगों को सहूलियत होगी। वहीं, रांची से लखनऊ के लिए भी इंडिगो की नई फ्लाइट शुरू होने वाली है, अभी रांची से लखनऊ के लिए कोई भी सीधी फ्लाइट नहीं चल रही है।

कनेक्टिंग फ्लाइट का झंझट खत्म

फिलहाल रांची एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु के लिए फ्लाइट्स हैं। इसके बाद अब जो बचे हुए बड़े शहर हैं वहां भी फ्लाइट शुरू होने वाली है। रांची सहित राज्यभर के लोग जिनको यहां से दूसरे शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है, उनको बहुत परेशानी होती है। वर्तमान में लखनऊ, पुणे, असम, तिरुवनंतपुरम जाने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है। अब जब इन शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो जाएगी तो देश के सभी बड़े शहरों के लिए रांची से ही सीधी फ्लाइट लोगों को मिल जाएंगी।

देवघर से भी शुरू होंगी कई फ्लाइट्स

देवघर में भी एयरपोर्ट बनकर तैयार है, वहां भी जल्द ही विमान सेवा की शुरुआत होने वाली है। दो एयरलाइंस कंपनियों ने फ्लाइट शुरू करने की सहमति भी दे दी है। जानकारी के मुताबिक, रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद शर्मा, देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा सहित गो एयर, इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, विस्तारा और एयर एशिया के अधिकारियों ने हिस्सा लिया था, यह बैठक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए हुई थी।

रांची एयरपोर्ट में नाइट पार्किग होगी

रांची एयरपोर्ट पर नाइट पार्किग की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है। इसकी शुरुआत गो एयरवेज को नाइट पार्किग से की गई है। गो एयरवेज दो एयरक्राफ्ट की नाइट पार्किग करेगी। इसके अलावा स्पाइस जेट, इंडिगो, एयर एशिया ने भी नाइट पार्किग की अनुमति मांगी है। अब रांची एयरपोर्ट पर जब नाईट पार्किग की सुविधा सभी फ्लाइट्स को मिल जाएगी तो फ्लाइट की संख्या और अधिक बढ़ जाएंगी। अभी नाइट पार्किग की सुविधा नहीं होने से लेट नाइट जो भी फ्लाइट रांची आती हैं उनको वापस दिल्ली, मुंबई या कोलकाता लौटना पड़ता है। वहीं, नाइट पार्किग की सुविधा मिल जाने से जो फ्लाइट एक बार रांची आएगी और अगर पैसेंजर नहीं होंगे तो वो यहीं पार्किग कर सकेंगी, ऐसे में उनको पैसेंजर पहुंचाकर तुरंत वापस जाने की मजबूरी नहीं होगी।