रांची(ब्यूरो)। कब आपके इलाके में बारिश होगी। कब आपके इलाके में धूप खिलेगी। कब आप घर से बाहर जा सकते हैं। यह बहुत कुछ निर्भर करता है मौसम पर कि बाहर का मौसम कैसा है। रांची का मौसम विज्ञान केंद्र देशभर के सभी मौसम विज्ञान केंद्रों में सबसे सटीक जानकारी राच्य के लोगों को उपलब्ध करा रहा है। इसको लेकर रांची के मौसम विज्ञान केंद्र को सर्वश्रेष्ठ होने का अवार्ड भी दिया गया है। भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा यह अवार्ड रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद को सौंपा गया है।

रेगुलर सटीक जानकारी

वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पहले सिर्फ भविष्यवाणी होती थी। लेकिन अब हम टेक्नोलॉजी की मदद से सटीक जानकारी दे पा रहे हैं। सटीकता में टेक्नोलॉजी काफी अहम भूमिका निभा रही है। साथ ही कई सारे मॉडल्स होते हैं। उन मॉडल्स की गहराई से समीक्षा व मॉडल्स की अच्छाई-बुराई को समझते हुए अपने अनुभव के साथ हम डाटा निकालते हैं, जिस वजह से हमारा फॉरकास्ट सटीक के आसपास रहता है।

लोगों का जीता भरोसा

अभिषेक आनंद ने बताया कि सबसे खास बात यह है कि इस सटीक पूर्वानुमान से हमने जनता का भरोसा जीता है। जनता के पास प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब के माध्यम से फ ोरकास्ट पहुंच रही है। हमने शहर में 50 वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड लगाया है, जिसमें हर दिन का वेदर फोरकास्ट डिस्प्ले होता है। पहले सिर्फ भविष्यवाणी होती थी, लेकिन अब वेदर फोरकास्ट देखते हुए लोग अपना ट्रिप प्लान कर रहे हैं।

ऑब्जर्वेशन नेटवर्क का होगा विस्तार

आने वाले दिनों में रांची केंद्र में ऑब्जर्वेशन नेटवर्क का विस्तार होगा। टूरिज्म प्लेस पर वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जो धीरे-धीरे पूरे झारखंड में देखने को मिलेगा। थंडर स्टॉर्म टेस्ट बेड प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। रांची के कई ऐसे इलाके हैं जहां वज्रपात के कारण काफी नुकसान व हादसा होता है। इस प्रोजेक्ट के बाद वज्रपात के कारण होने वाले नुक्सान को रोका जा सकेगा।

इसलिए मिला रांची को अवार्ड

- यह अवार्ड झारखंड को पहली बार मिला है

- मौसम के पूर्वानुमान की सटीक जानकारी दी गई

-सही समय पर लोगों को जानकारी दी गई

-मौसम का पूर्वानुमान तीन कैटेगरी में हर दिन जारी किया गया

- खासकर किसानों के लिए मौसम का पूर्वानुमान बहुत लाभकारी साबित हुआ

- 1 साल से रांची मौसम केंद्र द्वारा इंपैक्ट बेस्ट फोरकास्ट किया गया, इसके तहत लोगों को नुकसान की चेतावनी भी दी जा रही है।

-रांची मौसम विज्ञान केंद्र से मौसम की जानकारी सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तय समय पर जारी की गई

-रांची मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा सभी स्टेकहोल्डर से फीडबैक भी लिया गया कि मौसम की जानकारी उनको समय पर मिल रही है कि नहीं और इसमें क्या सुधार किया जा सकता है।

- देशभर की सभी स्मार्ट सिटी में रांची स्मार्ट सिटी में सभी जगहों पर एलईडी से मौसम की जानकारी मिलती है

-पिछले साल जून महीने में 1 दिन में एक करोड़ लोगों को मौसम की जानकारी डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के सहयोग से मिली

- रांची मौसम विज्ञान केंद्र के पास 20 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बने हुए हैं

-रांची मौसम विज्ञान केंद्र को पहले 80 जगह से मौसम की सूचना मिलती थी, जो अभी 140 हो गई है। इस साल के अंत तक 250 जगहों से मौसम की सूचना कलेक्ट होगी।

- रांची मौसम केंद्र द्वारा पावर सेक्टर से फीडबैक, एविएशन सेक्टर से फीडबैक, एग्रीकल्चर से फीडबैक लेना और डिजास्टर मैनेजमेंट सेक्टर से फीडबैक लिया गया है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र को पूरे देश भर में मौसम की सही जानकारी देने के लिए अवार्ड दिया गया है। यह झारखंड को पहली बार मिला है। पूरे देश भर में स्थान पाने के लिए पूरे साल मेहनत करना होता है आगे और बेहतर किया जा रहा है।

-अभिषेक आनंद, साइंटिस्ट हेड, मौसम विज्ञान केंद्र, रांची