- सीएम ने दी कोल्हान विश्वविद्यालय में 159 पदों के सृजन की स्वीकृति, अन्य विश्वविद्यालयों में भी पद सृजन के लिए मांगे गए प्रस्ताव

रांची : राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों एंव कालेजों में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं के शिक्षकों की नियुक्ति की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए सभी विश्वविद्यालयों में पदों का सृजन विभाग तथा कालेजवार किया जा रहा है। इस क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में 159 शिक्षकों के पद सृजन के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति दे दी है।

कुडुख, कुरमाली व मुंडारी

कोल्हान विश्वविद्यालय में संताली, हो, कुडुख, कुरमाली तथा मुंडारी भाषा की पढ़ाई के लिए शिक्षकों के पद सृजित होंगे। विश्वविद्यालय के 14 अंगीभूत कालेजों में 135 तथा स्नातकोत्तर विभागों में 24 शिक्षकों के पद सृजित किए जाएंगे। शिक्षकों के पद सृजन संबंधी प्रस्ताव प्रशासी पदवर्ग समिति की स्वीकृति के लिए भेजे जा रहे हैं, जिसके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की है।

147 असिस्टेंट प्रोफसर्स

जिन शिक्षकों के पद सृजित किए जाने का प्रस्ताव है, उनमें सहायक अध्यापक के 147, सह प्राध्यापक के आठ तथा प्राध्यापक के चार पद शामिल हैं। प्रशासकीय पदवर्ग समिति की स्वीकृति के बाद इसपर कैबिनेट की स्वीकृति ली जाएगी। इसके बाद इन पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा। इन सभी पदों पर नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी। बता दें कि राज्य सरकार प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा में स्थानीय व जनजातीय भाषा में पढ़ाई पर जोर दे रही है। प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में भी नियुक्ति की तैयारी की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। राज्य सरकार ने तृतीय श्रेणी के पदों की नियुक्ति में भी क्षेत्रीय व जनजातीय भाषाओं की परीक्षा पर विशेष फोकस किया है।

कालेजों में किस क्षेत्रीय व जनजातीय भाषा में कितने पद होंगे सृजित

कुडुख : 06

संताली: 39

हो : 39,

कुरमाली : 39

मुंडारी : 12

स्नातकोत्तर विभागों में सृजित होंगे ये पद

संताली : 06

हो : 06

कुरमाली : 06

मुंडारी : 06

इन 14 कालेजों में सृजित होंगे पद

- डिग्री महाविद्यालय, जगन्नाथपुर : संताली, हो, कुरमाली

- डिग्री महाविद्यालय, मझगांव : संताली, हो, कुरमाली

- डिग्री महाविद्यालय, मनोहरपुर : कुडुख, संताली, हो, कुरमाली, मुंडारी

- डिग्री महाविद्यालय, खरसावां : संताली, हो, कुरमाली, मुंडारी

- महिला महाविद्यालय, खरसावां : संताली, हो, कुरमाली

- माडल कालेज, खरसावां : संताली, हो, कुरमाली

- बहरागोड़ा महाविद्यालय : संताली हो, कुरमाली, मुंडारी

- एलबीएसएम महाविद्यालय, जमशेदुपर : संताली, हो

-घाटशिला महाविद्यालय, घाटशिला : संताली, हो, कुरमाली

- केएस महाविद्यालय, सरायकेला : संताली, हो, कुरमाली

- टाटा कालेज, चाईबासा : संताली, हो, कुरमाली

- महिला महाविद्यालय, चाईबासा : संताली, हो, कुरमाली

- एसबी कालेज, चांडिल : संताली, कुरमाली

- जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय, चक्रधरपुर : कुडुख, हो, कुरमाली, मुंडारी

नोट : प्रत्येक विषय में तीन-तीन पद सृजित किए जाएंगे।

-------------