- दुमका पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया ध्वजारोहण

-किसी दल विशेष के प्रति प्रतिबद्धता न दर्शाएं अफसर

दुमका : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि विगत विधानसभा चुनाव ने झारखंड को एक अलग राह दी है। हम सब मिलकर झारखंड को देश का सबसे खुशहाल और संपन्न प्रदेश बनाएंगे। मेरी कोशिश होगी कि हर झारखंडवासियों के चेहरे पर खुशहाली आए। वे रविवार को दुमका पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान जहां किसानों, बेरोजगारों के अलावा आदिवासियों और मूलवासियों के हितार्थ कदम उठाए जाने के संकेत दिए, वहीं अफसरों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि वे खुले मन से बिना किसी दबाव के राज्य की जनता के हित में कार्य करें। वे किसी राजनीतिक दल विशेष के प्रति प्रतिबद्धता न दर्शाएं और नियम-कानून के दायरे में रहकर काम करें।

स्कूलों में प्रभावी होगी आधुनिक शिक्षा पद्धति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के पूरे राज्य के लिए संवेदनशील होकर काम करेगी। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारी जाएगी। इन स्कूलों में आधुनिक शिक्षा पद्धति लागू की जाएगी। सभी स्कूलों को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ा जाएगा। यहां बच्चों को यातायात प्रबंधन जैसे विषयों की भी जानकारी दी जाएगी। अंग्रेजी माध्यम पर भी जोर होगा। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

सुविधाओं से लैस होंगे सदर अस्पताल

सीएम ने कहा कि प्रदेश से बेरोजगारी दूर करने के लिए पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक पर रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा। कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा, फिर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य सुविधा बेहतर हो इसके लिए सदर अस्पतालों को सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि मरीजों को रेफर करने की नौबत न आए।

सब्जियों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि धान व गेहूं जैसी मुख्य फसल के अलावा सब्जियों के लिए भी न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाएगा। प्रखंड स्तर पर फसलों की सुरक्षा कोल्ड स्टोर में की जाएगी। लैम्पस और पैक्स को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाते हुए कृषि संयत्रों की सुविधा किसानों को दी जाएगी। गैर कृषि के समय में खेतिहर मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मानव दिवसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

जंगल में रहने वालों को संपूर्ण अधिकार

ट्राइबल सब प्लान आदिवासी आबादी की जरूरतों और उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप ही रहेगी। जंगलों में रहने वाले आदिवासियों और मूलवासियों को संपूर्ण अधिकार दिया जाएगा। शहीदों के गांव को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसकी शुरुआत भोगनाडीह और खूंटी जिले के उलीहातु से की जाएगी। लघु-कुटीर उद्योगों के उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। छोटे उद्योगों के लाइसेंस और अनापत्ति प्रमाणपत्र की बाध्यताएं दूर की जाएंगी।

--