RANCHI: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि युवाओं को रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। कई नई योजनाओं की शुरुआत हुई है। राज्यपाल मंगलवार को 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा नियमावली गठित की गई है ताकि झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होनेवाली सभी परीक्षाएं पारदर्शी और निर्विवाद पूरी हो सकें। अब कैलेंडर के अनुसार जेपीएससी की सभी परीक्षाएं समय पर आयोजित होंगी। सरकार द्वारा सभी विभागों की रिक्तियों को शीघ्र भरने के लिए बहाली के निर्देश दिए गए हैं।

181 हेल्पलाइन नंबर से होगी हेल्प

राज्यपाल ने कहा कि हमारी सरकार महिला सुरक्षा के प्रति सजग एवं गंभीर है। इसके लिए 181 हेल्पलाइन के माध्यम से से ¨हसा से पीडि़त महिलाओं को अविलंब सहायता प्रदान की जाएगी। महिलाओं के अवैध एवं अनैतिक व्यापार की रोकथाम के लिए प्रमंडल मुख्यालयों में उज्ज्वला होम की स्थापना होगी। प्रसन्नता हो रही है कि उनकी सरकार के प्रथम वर्षगांठ पर राज्य के विकास को गति देने के लिए कृषि ऋण माफी योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई है। इस कड़ी में झारखंड राज्य फसल राहत योजना के तहत प्राकृतिक आपदा के कारण फसल की क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए 100 करोड़ रुपये के प्रावधान किए गए हैं।

कर्तव्यों के प्रति सजग हों लोग

राज्यपाल ने जनता से अपने अधिकारों के साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। कहा, हम सब मिलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता, समरसता को खतरा पैदा करनेवाले राष्ट्र विरोधी तत्वों जैसे भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद आदि को नष्ट करने का प्रण लें। कहा कि झारखंडवासियों के धैर्य, अनुशासन तथा कोरोना योद्धाओं के सहयोग से झारखंड में कोरोना महामारी का कुप्रभाव काफी हद तक कम किया गया। इससे पहले राज्यपाल ने संयुक्त सशस्त्र बल परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर 38 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पुलिस पदक प्रदान किया। मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित की गई।

सभी योग्य वृद्धों को मासिक पेंशन

राज्याल ने कहा कि पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन को सार्वभौमिक रूप देते हुए सार्वभौमिक वृद्ध कल्याण योजना शुरू की गई है। इसके तहत शत प्रतिशत योग्य वृद्धों को प्रतिमाह 1000 रुपये पेंशन के रूप में बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्यपाल ने ये भी कहा

- कारपोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी पालिसी के तहत सीएसआर अथारिटी गठित की गई है। इसके तहत सामाजिक कल्याण के लिए प्रोजेक्ट की सूची बनानकर पिछड़े क्षेत्रों का विकास किया जाएगा।

- 80 उत्कृष्ट विद्यालय तथा 325 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालयों के साथ-साथ 4091 ग्राम पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय की स्थापना होगी। इसके लिए 1885 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुई है।

- झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित 15 लाख लाभुकों को एक रुपये की दर से पांच किलो चावल प्रतिमाह उपलब्ध कराए जाएंगे। सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत 57 लाख परिवारों को दस रुपये में धोती/लुंगी तथा साड़ी वितरित किए जाएंगे।

शहीद अलबर्ट एक्का की बहादुरी दर्शानेवाली झांकी को पहला पुरस्कार

मुख्य समारोह में प्रदर्शित हुई विभिन्न विभागों की झांकियों में सूचना जनसंपर्क विभाग की झांकी को पहला पुरस्कार मिला। यह झांकी परमवीर चक्र विजेता शहीद लांसनायक अल्बर्ट एक्का की बहादुरी पर आधारित थी। झांकी के अग्रभाग में वर्ष 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध की दिशा बदलनेवाले गुमला के अल्बर्ट एक्का को प्रदर्शित किया गया था। झांकी के मध्य भाग में उनकी बहादुरी के क्षणों को जीवंत प्रदर्शित किया गया था, जबकि झांकी के पीछे उनकी समाधि को दर्शाया गया था। दूसरा पुरस्कार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की झांकी को मिला जो जल जीवन मिशन पर आधारित थी। इसी तरह तीसरा पुरस्कार परिवहन विभाग की झांकी को मिला। यह झांकी सड़क दुर्घटना से बचाव पर आधारित थी। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में आकर्षक ढंग से कोरोना टीकाकरण को दर्शाया गया था। गिरिडीह स्थित पारसनाथ जैन मंदिर को दर्शाती पर्यटन, कला संस्कृति की झांकी भी काफी आकर्षक थी।