रांची/ रातू : रातू इलाके में अपराधियों की गोली से घायल अंचल के राजस्व कर्मचारी सत्यप्रकाश श्रीवास्तव की इलाज के दौरान रविवार की देर रात मौत हो गई। वे मेडिका अस्पताल से दिल्ली एम्स रेफर किए गए थे। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें बीते 12 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे गोली मारी गई थी। राजस्व कर्मचारी की बांह में गोली लगी थी। इससे उनके शरीर ने काम करना बंद कर दिया था।

पुलिस अभी तक अपराधियों को पकड़ नहीं सकी है। हालांकि पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में अबतक कई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है।

रास्ते में मारी गई थी गोली

सत्यप्रकाश 12 फरवरी की शाम के करीब साढ़े पांच बजे रातू स्थित अंचल कार्यालय से बाइक पर सवार होकर अपने घर चुटिया पावर हाउस के लिए निकले थे। इसी क्रम में तिलता नेहा सिमेंट के पास उन्हें बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी थी।

अंचलकर्मियों में गुस्सा

राजस्व कर्मचारी की मौत की खबर मिलते ही प्रखंड सह अंचल कार्यालय रातू में शोक की लहर दौड़ पडी। अंचलकर्मियों में शोक के साथ गुस्सा भी देखने को मिला। अंचल कर्मियो ने बताया कि सत्यप्रकाश श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बिहार के पश्चिमी चंपारण के सीतारपुर गांव ले जाया जाएगा। जहां उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

बूढ़े माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल : सत्यप्रकाश की मौत की सूचना मिलते ही बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता अभी कुछ वर्ष पहले ही नौकरी से रिटायर हुए थे। घर में पत्नी व दो बेटे हैं। उनका भी हाल बुरा है। पत्नी हत्यारों को कोसते हुए बोल रही थी अब मेरा घर कौन संभालेगा। बच्चे भी बिलख रहे थे।

शोक सभा में ये थे शामिल

अंचल कार्यालय रातू में शोकसभा का आयोजन किया गया जिसमें बीडीओ हरिशंकर बारिक, सीओ राजेश मिश्रा, सीआई सुधीर जायसवाल सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। शोक सभा के बाद सभी कर्मचारियों ने झारखंड राज्य राजस्व उपनिरीक्षक संघ के बैनर तले काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने मांग रखी कि कार्यक्षेत्र में कर्मचारी को गोली मारी जाती है। बावजूद अपराधियों की धर-पकड़ नहीं की जा रही। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक अपराधियों को पकड़ा नहीं जाता, राजस्व कर्मचारी कार्य करने की स्थिति में नहीं हैं। सभी राजस्व कर्मचारी व राजस्व सेवा के सभी पदाधिकारी आंदोलनरत रहेंगे।